खरीद सेंटर शिफ्ट करने पर भड़के किसान, मार्केटिंग बोर्ड ने पुराने केंद्र पर शुरू की खरीद
चरखी दादरी।
सरसों खरीद की अनावश्यक शर्तों को हटाने की मांग पर अखिल भारतीय किसान सभा का बुधवार को 17वें दिन भी धरना जारी रहा। धरने की अध्यक्षता प्रधान मास्टर रामरतन घसौला एवं संचालन सुरेंद्र सिंह मोठसरा ने किया।
धरने पर पहुंचे किसानों ने बताया कि मार्केट कमेटी प्रशासन ने सरसों खरीद वाली शेड बदलकर कर एक सुनसान स्थान पर खरीद सेंटर बनाया जहां बहुत गंदगी व सीधी धूप आ रही है। इसके चलते धरनास्थल पर किसानों ने नारेबाजी कर अपना रोष जताया। किसानों का गुस्सा भांप कर अधिकारियों ने गंभीरता को समझा व पुराने खरीद केंद्र पर ही कार्य शुरू हुआ। इन सबके कारण किसानों की सरसों खरीद दोपहर 12 बजे बाद ही आरंभ हो पाई। इस दौरान रणधीर सिंह कुंगड व धर्मबीर खेड़ी बूरा ने सरकार की गलत नीतियों की निंदा करते हुए स्थानीय प्रशासन को चेतावनी दी कि किसानों को तंग और परेशान न किया जाए। मंडी में किसानों के लिए पेयजल व तेज धूप से बचने के लिए कोई प्रबंध नहीं है। इन परेशानियों को दूर किया जाएं व किसानों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था की जाए। इस अवसर पर ज्ञानीराम पैंतावास, संजीव सांगवान झोझू कलां, हीरा सिंह दातोली, रामकृष्ण व कृष्ण मोठसरा तथा हवा सिंह फौगाट एवं रणबीर फौगाट रावलधी, रामअवतार मिर्च, राजबीर सिंह घसौला, प्रताप सिंह सांगवान आदमपुर, बवालन साहू आदि ने भाग लिया।