देश की उन्नति के लिए युवा जागृत हों : अभय संधू
अंबाला कैंट। शहीदे आजम भगत सिंह के भतीजे अभय सिंह संधू ने कहा कि देश की उन्नति के लिए देश के युवा वर्ग को जागृत होना होगा। वे जीएमएन कालेज में राजनीतिक शास्त्र विभाग द्वारा शहीदे आजम भगत सिंह की समकालीन प्रासंगिकता विषय पर आयोजित नेशनल सेमिनार में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान विभागाध्यक्ष डा. सुरेंद्र सिंह नैन भी मौजूद रहे। इस सेमीनार में दिल्ली सहित उतर भारत के विभिन्न संस्थाओं के 97 प्रतिभागियो ने भाग लिया और 40 शिक्षक व शोधार्थियों ने शोध पत्र प्रस्तुत किया।
अभय संधू ने कहा कि आज का नवयुवक शहीद भगत सिंह की विचारधारा का अनुकरण करते हुए सामाजिक व मानवीय विकास को ऊंचाई प्रदान कर सकते हैं। देश तभी उन्नति करेगा यदि युवाओं की चेतना जागृति होगी। उन्होंने कालेज प्राचार्य डॉ. राजपाल सिंह को भगत सिंह की जेल डायरी भेंट की। कालेज प्राचार्य डा. राजपाल सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। प्रात:कालीन सत्र में मुख्यवक्ता के रुप में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग के प्रो. अमरजीत सिंह ने कहा कि यदि भगत सिंह जीवित होते तो वह एक अच्छे और उच्च स्तर विश्वविद्यालय के इतिहास के प्रोफेसर होते, क्योंकि वह इतिहास के बहुत अच्छे ज्ञाता थे। इस सेमीनार में दो तकनीकि सत्रों का आयोजन किया गया प्रथम तकनीकी सत्र की अध्यक्षता प्रो. अमरजीत सिंह ने की, जिसमें मुख्य वक्ता डा. वीके मल्होत्रा रहे। दूसरे तकनीकी सत्र में अध्यक्षता डा. वीके मल्होत्रा ने की और इसमें मुख्य वक्ता डा. कुशल पाल थे। समापन सत्र में मुख्य अतिथि डा. हुकम सिंह परीक्षा नियंत्रक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय थे, जबकि समापन भाषण डा. जगरुप सिंह सेखों गुरुनानक देव विश्वविद्यालय अमृतसर द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर जीएमएम कॉलेज प्रंबधक समिति के सदस्य डॉ. गुरदेव सिंह, डॉ. गीता सालवान, डॉ. वीके जैन, डॉ. अंजू जैन, प्रो. सज्जन सिंह, डॉ. एसके गासो, डॉ. केके पूनिया आदि मौजूद रहे।