दो युवकों से खाते की डिटेल लेकर हजारों रुपये की शॉपिंग की
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
एटीएम कार्ड और बैंक खाते की डिटेल लेकर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब महम क्षेत्र में दो युवकोें के खाते की डिटेल लेकर आरोपियों ने हजारों रुपये की ठगी कर ली। इस संबध में महम थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में निंदाना निवासी कप्तान ने बताया कि उसका एसबीआई बैंक में खाता है। कप्तान का कहना है कि उसने 25 जुलाई को एटीएम कार्ड के लिए आवेदन किया था। आवेदन करने के करीब दो घंटे बाद कप्तान के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। आरोपी ने खुद को बैंक का अधिकारी बताया। फिर एटीएम कार्ड के नाम पर कप्तान से खाते की डिटेल ली। खाते की डिटेल लेकर आरोपी ने कप्तान के खाते से 78 हजार रुपये की शॉपिंग कर ली। जब कप्तान को पता चला तो उसने संबंधित बैंक और पुलिस को शिकायत दी।
इसी तरह ठगों ने खेड़ी महम निवासी रामशरण को हजारों रुपये का चूना लगा दिया। एक युवक का उनके पास फोन आया। आरोपी ने रामशरण से कहा कि उनका एटीएम कार्ड बंद होने वाला है। चालू करने के लिए एटीएम कार्ड की डिटेल देनी होगी। इसके बाद रामशरण ने युवक को एटीएम कार्ड की डिटेल दे दी। इसके बाद आरोपी ने रामशरण के खाते से फरीदाबाद, दिल्ली सहित अन्य जगहों पर करीब 61 हजार रुपये की शॉपिंग कर ली। रामशरण के मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उसे वारदात का पता चला। दोनों ही मामलों में महम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।