अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
राजकीय प्राथमिक शिक्षा संघ की जिला इकाई ने बुधवार को आर्थिक सर्वे में जेबीटी अध्यापकों की ड्यूटी लगाए जाने का लघु सचिवालय पहुंचकर विरोध जताया। अध्यापकों ने दोपहर दो बजे तक सचिवालय के बाहर धरना देकर एसडीएम कुशल कटारिया को ज्ञापन सौंपा। प्रधान चंद्रहास एवं कृष्ण शर्मा ने बताया कि जनसेवा सर्वे (आर्थिक गणना) में जेबीटी अध्यापकों की ड्यूटी लगाए जाने से शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि अधिकतर विद्यालयों में दो-तीन अध्यापकों के कंधों पर पूरा शिक्षण कार्य है। ऐसे में ये अध्यापक भी यदि गणना में लग जाएंगे तो शिक्षण कार्य कौन कराएगा। इस अवसर पर खोल प्रधान अशोक यादव, खंड नाहड़ प्रधान प्रवीण कुमार एवं खंड रेवाड़ी प्रधान बबरूभान सहित अन्य अध्यापक मौजूद थे।