अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जिले के गांव खोरी में बरसाती पानी की निकासी का उचित प्रबंध न होने के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। खासतौर पर स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डाल रेलवे ट्रैक पार करना पड़ रहा है। खोरी स्थित राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल तथा पंचायत ने जिला उपायुक्त को एक पत्र लिखकर उक्त अंडरपास की जल निकासी कर समस्या के निवारण की मांग की है। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य टेकचंद, एसडी स्कूल के प्राचार्य जवाहर दुहन तथा ग्राम पंचायत खोरी की सरपंच पूजा शर्मा ने बताया कि मामूली बारिश होने पर भी जल निकासी न होने के कारण अंडरपास बंद हो जाता है, जिससे स्कूल जाने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं को जान जोखिम में डालकर रेल पटरी पार करनी पड़ती है। इतना ही नहीं प्रतिदिन अनेक वाहन पानी से भरे इस अंडरपास में फसे रहते हैं। उन्होंने बताया कि कागजों में इस अंडरपास को वर्किंग मोड़ पर दिखाया जाता है, किंतु बारिश के मौसम में करीब दो-तीन माह क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों के ग्रामीणों के अंडरपास की उक्त बदहाल स्थिति के चलते अन्य मार्गों से आवागमन करना पड़ता है। उन्होंने जिला उपायुक्त से अंडरपास की जल निकासी व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध की मांग की है।