अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। नगर निगम के अधिकारियों की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। इंजीनियर ब्रांच के अधिकारियों ने शिवाजी कॉलोनी के गोपाल पार्क का काम पूरा होने से पहले ही साढ़े 12 लाख रुपये रुपये का बिल पास कर दिया। ऐसे में अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध नजर आ रही है। वहीं पार्क का काम अधूरा होने के बावजूद बिल पास करने का मामला नवनियुक्त एक्सईएन के पास पहुंचा।
अब एक्सईएन खुद मौके पर जाकर काम की जांच करेंगे। कहा जा रहा है कि निगम के अधिकारियों ने जीएसटी के नए प्रावधानों से बचने के लिए ऐसा किया है।
निगम कार्यालय पहुंचे शिवाजी कालोनी के लोगों ने बताया कि उनकी कॉलोनी में गोपाल पार्क है। यह लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ा हुआ था। अक्तूबर 2016 में नगर निगम की ओर से गोपाल पार्क का नये सिरे से निर्माण कराने के लिए 12 लाख 41 हजार रुपये का टेंडर जारी किया गया। काम समय पर पूरा नहीं हो सका।
आरटीआई के तहत कालोनी निवासी गौतम अरोड़ा ने निगम प्रशासन से पूछा कि गोपाल पार्क कब तक पूरा होगा। निगम की ओर से 12 मई 2017 को जवाब दिया गया कि पार्क का निर्माण कार्य 12 जनवरी 2017 को पूरा होना था। एजेंसी की ओर समय सीमा बढ़ाने की मांग नहीं की गई। इसके बावजूद अब तक काम चलता रहा।
पंप सेंट की केबल पुरानी, एस्टिमेट नया
कालोनी के लोगों का कहना है कि पार्क के अंदर पहले पंपसेट लगाया गया था। बाद में कांट्रेक्टर ने बताया कि पंप की मोटर जल गई है। ऐसे में नया सिरे से पंप सेट लगाया जाएगा। ठेकेदार ने मोटर तो बदली दी लेकिन केबल पुरानी लगी हुई है।
उखड़ने लगी कुर्सियों के पास लगी मिट्टी
पार्क के अंदर बैठने के लिए सीमेंट की कुर्सी बनाई हुई हैं। अभी से उनके साथ लगी मिट्टी दरकने लगी है। चारों तरफ गंदगी फैली हुई है। निगम के अधिकारी सुनवाई नहीं करते।
रिंकू, कॉलोनी निवासी
घास लगी न फाउंटेन, मंत्री का ले चुके हैं कार्यक्रम
पार्क के अंदर घास बिछाने के साथ-साथ पौधारोपण किया जाना था। साथ ही फाउंटेन भी लगाया जाना था। उम्मीद थी कि पार्क का निर्माण कार्य समय पर पूरा होगा। इसके चलते कालोनी के लोगों ने नौ जुलाई को सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर के हाथों पार्क का उद्घाटन कराने का कार्यक्रम लिया हुआ है।
कृष्ण लाल सहगल, कॉलोनी निवासी
कई दिन पहले जेई मनदीप से मिले। भरोसा दिया गया कि समय पर काम पूरा हो जाएगा, लेकिन अब मना किया जा रहा है। यहां तक गेट के अंदर गोल चक्कर तक नहीं लगाया गया, जो टेंडर के अंदर शामिल था। इसके कारण पशु पार्क के अंदर घुसे रहते हैं। इसके बावजूद निगम ने ठेकेदार का फाइनल बिल तैयार कर दिया।
गुलाब सिंह मुंगा, कॉलोनी निवासी
नया लगाया पंप, अभी से नहीं कर रहा काम
पुराने पार्क के अंदर पहले से पंप लगाया हुआ था, लेकिन ठेकेदार ने यह कहकर मोटर बदली दी कि वह पहले वाली मोटर काम नहीं कर रही। जबकि मोटर की मरम्मत करवाई जा सकती थी। अब नई मोटर लगाई है वह अभी से काम नहीं कर रही है। केबल भी पुरानी लगी है।
दर्शन लाल, कॉलोनी निवासी
नए झूले भी नहीं लगाए
पार्क के अंदर अब भी पुराने झूले लगे हुए हैं। जो जर्जर हालत बयां कर रहे हैं। पूछने पर ठेकेदार कहता है कि उसका पैसा खत्म हो चुका है। बचे काम के लिए अलग से टेंडर करवाना पड़ेगा।
कविता सिक्का, कॉलोनी निवासी
शिवाजी कालोनी के लोग उनसे मिलने आए थे। जेई मनदीप से पूरी रिपोर्ट मांगी है। जल्द वे खुद पार्क का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद बता सकता हूं कि 9 जुलाई तक पार्क का काम पूरा हो पाएगा या नहीं।
मंजीत दहिया, एक्सईएन, नगर निगम
कोई पेमेंट नहीं की गई, बजट खत्म
कालोनी के लोग जो काम अधूरा बता रहे हैं, वह पार्क का एडिशन कार्य है, जिसकी बाद में लोगों ने डिमांड की। टेंडर के मुताबिक काम पूरा हो चुका है, जिसका फाइनल बिल तैयार किया गया है। पेमेंट नहीं दी गई है। केवल गेट के बीच में लगने वाली चक्री बची है, जिसे मंगलवार सुबह लगवा दिया जाएगा।
मनदीप, जेई, नगर निगम
मैंने कोई पेमेंट नहीं ली है, निगम की ओर से तय साढ़े 12 लाख 41 हजार रुपये का बजट खत्म हो चुका है। साथ ही कच्चा बिल तैयार हुआ है।
रवि राठी, ठेकेदार