रोहतक। राज्य सरकार की ओर से महामारी अलर्ट सुरक्षित हरियाणा के तहत लगाई गई सभी पाबंदियों को हटा लिया गया है। इसके बावजूद महामारी को लेकर आम नागरिक को सतर्क रहने की जरूरत है। क्योंकि जिले में अभी 59 सक्रिय मरीज हैं। बुधवार को आठ नए मरीजों की पुष्टि हुई है। यह जानकारी जिला उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने दी।
जिला उपायुक्त ने बताया कि जिले में कोरोना की पॉजिटीविटी दर कम होकर 4.64 प्रतिशत रह गई है तथा रिकवरी दर 97.94 प्रतिशत हो गई है। बुधवार को कोरोना के 823 सैंपल जांच के लिए भेजे गए, इनमें से 8 व्यक्ति पॉजिटिव पाये गये, जबकि 580 सैंपल का परिणाम आना शेष है। अब तक के आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब तक 683518 व्यक्तियों को निगरानी में रखा गया, इनमें संक्रमितों के संपर्क में आए व्यक्ति भी शामिल हैं। गौरतलब है कि जिले में अब तक कोरोना के 6 लाख 84 हजार एक सैंपल लिए गए हैं, इनमें से 31760 सैंपल पॉजिटिव और 6 लाख 51 हजार 661 सैंपल निगेटिव पाए गए। इनमें से उपचार के बाद 31126 व्यक्ति स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। जिले में वर्तमान में 15 मरीज अस्पताल में व अन्य सभी मरीज डॉक्टरों की सलाह पर घर पर उपचार ले रहे हैं।