पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाकर मंगलामुखियों ने लघु सचिवालय के सामने किया प्रदर्शन
- पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करके न्याय की लगाई गुहार
- समझौते के नाम पर धोखाधड़ी करने का लगाया आरोप
फोटो...
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। मंगलामुखियों के बीच क्षेत्रों के बंटवारे का विवाद थम नहीं थम रहा। बुधवार को एक गुट ने लघु सचिवालय के सामने धरना देकर नारेबाजी की। एसपी को शिकायती पत्र सौंपा। आरोप लगाया कि समझौते के नाम पर धोखाधड़ी करके केवल सात गांव दिए गए हैं। जब इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट कर दी गई जिसमें दो साथी घायल हो गए। थाना कलानौर पुलिस पर भी पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया, जिस पर एसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मंगलामुखियों के बीच में बधाइयां मांगने के क्षेत्रों के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। जिसको लेकर इनके बीच कई बार मारपीट हो चुकी है। 18 जून को भी मंगलामुखियों ने लघु सचिवालय के सामने नारेबाजी की थी। तहसीलदार को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी। बुधवार को गुरुनानक पुरा निवासी मंगलामुखी अन्नू अपने समर्थकों के साथ लघु सचिवालय के सामने पहुंची और वहीं नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गईं। इसके बाद एसपी को शिकायती पत्र सौंपा। मंगलामुखियों के मुताबिक कलानौर क्षेत्र में बधाइयों के क्षेत्र बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। जिसके बाबत थाना पुलिस से शिकायत की मगर आज तक दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पिछले दिनों राजीनामा के लिए 18 जून तारीख तय की गई। आरोप लगाया कि जब वह थाना कलानौर पहुंची तो उनके साथ अभद्रता की गई। दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट करना शुरू कर दिया जिसमें दो साथी घायल भी हुए। इसके बाद एसएचओ ने फैसला की तारीख 19 जून मुकर्रर की। पुलिस ने दबाव देकर फैसले में 12 गांव व आधा कलानौर बधाई मांगने के लिए देना तय हुआ। आरोप लगाया कि इसके बाद कोरे कागज पर अंगूठा लगवाकर हस्ताक्षर करवा लिए गए। दो दिन बाद जब फैसले की कापी मिली तो पता चला कि उनके साथ धोखा हो गया है। केवल सात गांव वही उन्हें दिए गए हैं। इस पर उन्होंने कार्रवाई की मांग की। बताते हैं कि एसपी ने मंगलामुखियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान गरिमा, संजू, बिजली, मौनी, चंदा, फूलवती, खुशबू, रिंकी, शैफाली, तान्या आदि मौजूद थी।