चौधर, आरक्षण की आड़ में निजी स्वार्थ पूरे कर रहे मलिक और सैनी : हुड्डा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
हरियाणा जाट महासभा के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप हुड्डा ने 26 नवंबर को जसिया में यशपाल मलिक और जींद में भाजपा सांसद राजकुमार सैनी की रैलियों के मद्देनजर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
उन्होंने कहा है कि आरक्षण या चौधर की इस लड़ाई में कोई भी युवा या आंदोलनकारी प्रदेश की संपत्ति को नुकसान न पहुंचाए। खास कर जसिया में चौधर, शिक्षा संस्थान की आड़ लेकर व लोभ लालच, आरक्षण के नाम पर राजनीति करने वाले नेताओं के बहकावे में न आएं क्योंकि पहले भी प्रदेश इस तरह की राजनीतिक साजिश का शिकार हो चुका है।
उन्होंने सभी 36 बिरादरी के लोगों से अपील है कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखें और किसी तरह का जान माल का नुकसान न करें जबकि इसके उलट इन तथाकथित नेताओं ने अपना स्वार्थ पूरा करने के लिए आरक्षण के नाम का सहारा लेकर प्रदेश के लोगों को न केवल आपस में लड़वा दिया बल्कि 39 निर्दोष युवाओं को अपनी जान तक गंवानी पड़ी थी। साथ ही आज सैकड़ों निर्दोष युवा जेलों में बंद हैं। जाट महासभा के प्रदेशाध्यक्ष ने सरकार से मांग की है कि प्रदेश का माहौल खराब कर देने वाली रैलियों को करने देने की इजाजत ही नहीं देनी चाहिए बल्कि इन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना चाहिए क्योंकि ऐसी रैलियों से प्रदेश के लोगों में भय का माहौल पैदा होता है, वहीं युवा वर्ग भी रास्ता भटक कर गलत दिशा में चले जाते हैं।