वाई-फाई के दायरे में होगी जिला बार एसोसिएशन : अहलावत
- पंजाब एंड हरियाणा बार काउंसिल के नवनियुक्त चेयरमैन विजेंद्र अहलावत ने की घोषणा
- नियुक्त होने के बाद पहली बार जिला बार में पहुंचे अहलावत
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के नवनियुक्त चेयरमैन विजेंद्र सिंह अहलावत ने कहा है कि जिला बार एसोसिएशन का परिसर जल्द ही वाई-फाई के दायरे में होगा। यह सुविधा जल्द ही बार में शुरू की जाएगी। साथ ही कहा कि वकीलों के लिए अतिरिक्त चैंबर भी बनाए जाएंगे। चेयरमैन नियुक्त होने के बाद पहली बार जिला बार में पहुंचे अहलावत ने अपने संबोधन में यह बात कही। हाल ही में विजेंद्र सिंह अहलावत को काउंसिल का चेयरमैन चुना गया था। वह रोहतक जिला बार के पहले ऐसे सदस्य हैं जो काउंसिल के उच्च पद पर पहुंचे हैं।
जिला बार एसोसिएशन की तरफ से अहलावत का जोरदार स्वागत किया गया। सम्मान समारोह में सैकड़ों की संख्या में वकील उनका आभार जताने बार रूम में पहुंचे। इस मौके पर विजेंद्र ने कहा कि जल्द ही एडवोकेट वेलफेयर स्कीम को लागू किया जाएगा। ताकि वकीलों को फायदा मिल सके। उन्होंने एडवोकेट वेलफेयर स्कीम फंड में अपनी तरफ से पांच लाख रुपये का अनुदान दिया। इसके अलावा बार काउंसिल की तरफ से जिला बार को दो लाख रुपये देने की घोषणा की। संबोधन में अहलावत ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है वह उसे पूरी ईमानदारी के साथ निभाएंगे। वकीलों की बेहतरी के लिए कार्य किया जाएगा। जिला बार में चैंबर की समस्या को धीरे धीरे खत्म किया जा रहा है। लगातार चैंबरों की संख्या बढ़ रही है। हाल ही में भी कुछ चैंबर बढ़ाए गये है। कार्यक्रम में अहलावत के पिता पूर्व आईजी हरीसिंह अहलावत को भी जिला बार ने सम्मानित किया।
समारोह में पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन करणजीत सिंह, को-चेयरमैन जेके महेश्वरी, पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह, जिला बार एसोसिएशन के उपप्रधान जेपी अहलावत, महासचिव सुमित बुधवार, सहसचिव सीमा दूहन, लाइब्रेरी इंचार्ज राकेश बिरला, पूर्व प्रधान लोकेंद्र फौगाट, भगत सिंह मलिक, रणबीर ढाका सहित अन्य वकील मौजूद रहे।
वर्जन
विजेंद्र सिंह अहलावत का बार काउंसिल का चेयरमैन बनना जिला बार एसोसिएशन के लिए गर्व की बात है। पहली बार जिला बार का कोई सदस्य उच्च पद पर पहुंचा है। जिला बार उनके बेहतर भविष्य की कामना करती है। अहलावत हमेशा जिला बार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे है।
- दीपक कुंडू, प्रधान जिला बार एसोसिएशन