बरसाती और ट्रीटेड पानी से सुधरेगा जलस्तर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जिले का जलस्तर ऊंचा करने के लिए सरकार ने योजना बनाई है। इसके तहत मलशोधन संयंत्र से साबी नदी तक पाइप लाइन बिछाई जाएगी। केंद्र सरकार ने कायाकल्प शहरी परिवर्तन अटल मिशन (अमरूत) योजना के तहत रेवाड़ी के लिए 176 करोड़ रुपये हरियाणा सरकार को दिया है। इस योजना के तहत शहर में पानी, सीवरेज का प्रबंध प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
केंद्रीय योजना (स्वतंत्र प्रभार) एवं शहरी विकास राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने शनिवार को रेवाड़ी शहर में करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से मलशोधन संयंत्र से साबी नदी तक बिछाई जाने वाली पाइप लाइन, रामपुरा गांव के लिए जल वितरण एवं सीवरेज प्रणाली की आधारशिला रखने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए जो भी योजनाएं बनाई जाएगी उनको अमली जामा पहनाने के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। मलशोधन संयंत्र में पानी साफ किया जाएगा। इस पानी को पाइप लाइन से सीधे साबी नदी में छोड़ा जाएगा। इससे जिले का जल स्तर ऊंचा हो सकेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मसानी बैराज 1978 में बना। इस बैराज को भरने के लिए सभी ने संगठित होकर मांग की है। सभी के प्रयास से यह सफल हो पाया है कि साबी नदी में बरसाती पानी पहली बार पहुंचा। इससे पहले सिंचाई विभाग नहरों की मरम्मत नहीं करता था। पानी यहां तक नहीं पहुंच पाता था लेकिन पहली बार नहरों की मरम्मत हुई और बारिश का पानी मसानी बैराज तक पहुंचा। अब मसानी बैराज में पानी आने से क्षेत्र का जल स्तर ऊंचा होगा इससे क्षेत्र को लाभ होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष पंडित योगेंद्र पालीवाल ने रेवाड़ी शहर के शेष हिस्से में भी सीआईपीपी तकनीक से सीवरेज की लाइन डालने की मांग की।
-------------------
मेरी वजह से मेरे गांव को नुकसान
केंद्रीय मंत्री ने मजाकिया लहजे में कहा कि रामपुरा उनका पैतृक गांव है। उनकी वजह से इस गांव बहुत नुकसान हुआ है। पहले किसी भी सरकार ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। रामपुरा के रेवाड़ी नगर परिषद से बाहर होने के कारण इस गांव में सीवरेज और पीने के पानी का उचित प्रबंध नहीं थी। इस सरकार ने इसकी सुध ली है। अब इसकी सीवरेज प्रणाली रेवाड़ी शहर से जोड़ी जाएगी। रामपुरा गांव को भी शहर जैसी सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने बताया कि रामपुरा में बिजली की समस्या को दूर करने के लिए 33 केवी का सबस्टेशन भी बनाया जाएगा।
----------------
अकबर ने भी किया था साबी को बांधने का प्रयास
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में पानी की कमी शुरू से है। अकबर ने भी साबी को बांधने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि साबी नदी को भरकर इसे पर्यटक स्थल बनाया जाना चाहिए। पर्यटक स्थल बनने से दिल्ली से जयपुर जाने वाले लोगों को इसका लाभ होगा। इसकी माली हालत भी सुधरेगी। मनेठी में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान बनाने के बारे में उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री की घोषणा है। इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा और वित्त मंत्री अरुण जेटली से मिल चुके हैं। इसके निर्माण के लिए बजट तक इंतजार करना होगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की नीति है कि हर राज्य में एम्स बनाया जाए और रेवाड़ी जिले के मनेठी गांव में इसके निर्माण के लिए प्रस्ताव दिया था। रेवाड़ी बाईपास के बारे में राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि झज्जर से नारनौल रोड तक एनसीआर प्लानिंग बोर्ड ने राशि मंजूर कर इसकी स्वीकृति दे दी है। अमरूत योजना के बारे में उन्होंने बताया कि देश के 500 शहरों को इसके लिए चुना गया है, जिसमें रेवाड़ी शहर भी शामिल है।
--------
रेवाड़ी विधानसभा में 42 कार्य स्वीकृत
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बनवारीलाल ने कहा कि वर्तमान सरकार ने रेवाडी विधानसभा क्षेत्र में जनस्वास्थ्य विभाग के 42 कार्य स्वीकृत किए थे। इनकी लागत करीब 63 करोड़ 40 लाख है। इन कार्यों के निर्माण पर अब तक 38 करोड 93 लाख की राशि खर्च हो चुकी है। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र में एक नया जल घर, चार नये बूस्टिंग स्टेशन और 52 हजार 783 मीटर की पाइप लाइन डाली गई है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्र में एक नया जलघर, दो नये बूस्टिंग स्टेशन और 32 हजार मीटर की अलग-अलग आकार की पाइप लाइनें डाली गई हैं। वर्ष 2017-18 के लिए रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र में 107 करोड़ 14 लाख रुपये के कार्य मंजूर हुए हैं। इसमें से शहरी क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था, जल निकासी और सीवरेज व्यवस्था के लिए 95 करोड़ 97 लाख रुपये जबकि ग्रामीण क्षेत्र गांवों के लिए 11 करोड़ 18 लाख रुपये पेयजल व्यवस्था के लिए स्वीकृत किए हैं। रेवाड़ी विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार रेवाड़ी के विकास के लिए कार्य कर रही है। जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से शहर के दूषित पानी को ट्रीट करके साहबी नदी में पाइप से छोड़ने को उन्होंने सराहनीय कदम बताया। इस अवसर पर शांति नगर रेवाड़ी की ओर से केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को स्मृति चिह्न के रूप में हुक्का भेंट किया गया।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. अरविंद यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष योगेंद्र पालीवाल, गुरुग्राम लोकसभा निगरानी समिति के संयोजक लक्ष्मण यादव, एसडीएम कुशल कटारिया, जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता दलबीर, कार्यकारी अभियंता राकेश कुमार, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी मनोज यादव, पूर्व संयुक्त निदेशक एसके जोशी, जिला प्रमुख मंजू बाला, अनुसूचित महिला मोर्चा की अध्यक्ष गीता, महिला मोर्चा की प्रधान चांदनी चांदना, मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरूदयाल, नगर परिषद रेवाड़ी की चेयरमैन विनिता पीपल, जिला पार्षद शशि बाला, अजय पटौदा, नगर पार्षद प्रदीप कसेरा, प्रदीप भार्गव, प्रोमिला भार्गव, बलजीत यादव, कमल शर्मा, पूनम सतीजा, नगर पालिका बावल के प्रधान अमर सिंह, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष रामदत भारद्वाज, श्योताज नंबरदार, सुनील यादव सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।