घसौला हत्याकांड का एक और आरोपी गिरफ्तार
चरखी दादरी।
दस जून को गांव घसौला के जमीन विवाद में हुई व्यक्ति की हत्या मामले में दादरी सीआईए टीम ने एक और आरोपी रमेश को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस पांच अन्य आरोपियों सुरेंद्र उर्फ सुमिंद्र, टेकराम, सुमित, रघबीर व विनोद को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
गौरतलब है कि गांव घसौला में 10 जून की सुबह जमीन पर कब्जा करने के मामले में दो पक्ष भिड़ गए थे। इस विवाद में दोनों पक्षों से तीन-तीन लोग घायल हुए थे। विवाद में एक पक्ष से जगत नारायण, अश्वनी व दीपक घायल हो गए जबकि दूसरे पक्ष से रघबीर, टेकराम व सुरेंद्र को भी गंभीर चोटें आई। सभी घायलों दादरी के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जगत नारायण, अश्वनी, रघबीर, टेकराम को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया जबकि सुरेंद्र व दीपक को भिवानी सिविल अस्पताल भेजा गया। पीजीआई पहुंचते ही चिकित्सकों ने जगत नारायण को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पीजीआई पहुंचकर मृतक जगत नारायण के परिजनों के बयान पर दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ हत्या का नामजद मामला दर्ज किया था। सीआईए गिरफ्त में आए आरोपी रमेश से पूछताछ चल रही है।