योग मैराथन में दौड़े दो हजार लोग
नेहरू पार्क से डीसी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देश में आयुष विभाग, जिला प्रशासन और स्वामी विवेकानंद योग सेवा संस्थान द्वारा नेहरू पार्क से मंगलवार सुबह योग मैराथन कराई गई। इसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों समेत विभिन्न शिक्षण संस्थाओं से विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, एनसीसी कैडेट्स और शहरवासियों ने हिस्सा लिया। करीब दो हजार प्रतिभागियों की मैराथन को डीसी रोहतास सिंह खरब ने नेहरू पार्क से झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन नेहरू पार्क से शुरू होकर प्यारा चौक, मधु चौक, मॉडल टाउन होते हुए फिर से नेहरू पार्क में संपन्न हुई। प्रतिभागियों के लिए आयुष विभाग द्वारा जूस और पतंजलि योग समिति द्वारा बिस्कुट का प्रबंध किया गया और पर्याप्त मात्रा में पेयजल भी उपलब्ध कराया गया। मैराथन में जगाधरी एसडीएम भारतभूषण कौशिक, जिला राजस्व अधिकारी हरिओम विश्रोई, डीआईओ रमेश गुप्ता, डीडीपीओ गगनदीप सिंह, जगाधरी तहसीलदार दर्शन कुमार, जिला बाल कल्याण अधिकारी मनीषा खन्ना, पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी जयकुमार, राजकीय कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुनील तनेजा, प्रो. रमेश कुमार, जिला खेल अधिकारी राजेंद्र कुमार गुप्ता, डॉ जसविंद्र, डॉ. विनोद पुंडीर, डॉ. सुरेंद्र पाल सिंधु, बीईओ जगाधरी सतीश गोयल, सीडीपीओ प्रवीण छाबड़ा, प्रतिभा, आयुष विभाग के योग विशेषज्ञ डॉ. शिव कुमार सैनी, डॉ. ललित सैनी, डॉ. ओमपाल, डॉ. मनीष वर्मा, डॉ. निधि वर्मा, शिव लाल खुराना, निशा गुलाटी, स्वामी विवेकानंद योग सेवा संस्थान के दीपक बडोला, विकास सैनी, अयोध्या, दीपक कुमार, नीरू मित्तल, प्रीति, प्रमिला, देवेंद्र व सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं
डीसी ने कहा कि योग न केवल शारीरिक, मानसिक और श्वासों का व्यायाम है, बल्कि तन-मन और सोच की एकाग्रता की लिए भी योग को अपनाना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि योग को अपनाकर मनुष्य के शरीर में आने वाली अधिकतर बीमारियों से सुरक्षित रहा जा सकता है और मानसिक तनाव से मुक्त व्यक्ति अपने कार्य को सामान्य व्यक्ति की तुलना में बेहतर ढंग से संपन्न कर सकता है। योग को केवल एक दिवस अथवा सप्ताह तक सीमित न करें, बल्कि सभी जिलावासी इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने बताया कि जिलास्तरीय अंतराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को सुबह सात से आठ बजे तक तेजली खेल परिसर में होगा। इसमें करीब 2500 प्रतिभागी सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। कार्यक्रम के मुख्यातिथि विधानसभा अध्यक्ष कंवर पाल होंगे और यमुनानगर विधायक घनश्यामदास अरोड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। 21 जून को ही सुबह दस से 12 बजे तक योग के महत्व विषय पर सेक्टर-17 के सामुदायिक भवन में संगोष्ठी होगी।