20 नई अनाज मंडी में सड़क पर सुखने के लिए फैला धान। संवाद
रोहतक। मंडी में धान की आवक तेजी से बढ़ रही है। शनिवार को भी मंडी में 8000 क्विंटल धान की आवक हुई। अब तक मंडी में 47,142 क्विंटल धान की आवक हुई है। इसमें से 21,750 क्विंटल की ही खरीद हो पाई है। शनिवार को करीब 700 क्विंटल धान का उठान हुआ।
प्रशासन के लगातार आश्वासन के बाद भी किसानों की परेशानी कम होती नजर नहीं आ रही। किसानों का कहना है कि प्रशासन से मिलने पर दो से तीन दिन के भीतर समाधान का आश्वासन मिला था। धान को रंग के आधार पर रिजेक्ट किया जा रहा है।
अगर धान का रंग ऊपर से काला हो भी गया हो लेकिन अंदर चावल तो सफेद ही होता है। मंडी में पटौदी, रेवाड़ी व बेरी से भी धान पहुंच रहा है। ऐसे में खरीद व उठान में देरी से किसान मंडी में जगह की कमी से जूझ रहे हैं। बारिश की मार से किसानों की धान काली पड़ गई है। वहीं मामले को लेकर अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन फोन नहीं उठाया।
-
शुक्रवार को प्रशासन की तरफ से दो से तीन दिन के भीतर समाधान का आश्वासन मिला था। एक और मिल खरीदार लाने की बात चल रही है। दस दिन हो गए हैं। पहले धान में नमी थी, अब रंग कहकर खरीद नहीं रहे। -भूपेंद्र, बालंद
धान को रंग के आधार पर खरीदने से इन्कार किया जा रहा है। बारिश की मार से धान काला पड़ गया है तो क्या हुआ, अंदर तो चावल सहीं है। फिर भी फसल खरीदी नहीं जा रही। -सरेश, बालंद