रेलवे स्टेशन पर चेकिंग करती पुलिस। संवाद
रोहतक। स्वतंत्रता दिवस पर जिले में तीन जगह समारोह होंगे। मुख्य समारोह शहर के राजीव गांधी स्टेडियम में होगा, जहां राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय झंडा फहराएंगे। तीनों कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए एएसपी के अलावा पांच डीएसपी व थाना प्रभारियों के नेतृत्व में 800 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं, जो 30 जगह नाके लगाकर वाहनों की जांच करेंगे।
एसपी हिमांशु गर्ग ने बताया कि राजीव गांधी स्टेडियम में होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता समारोह के लिए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। स्टेडियम के गेट नंबर तीन से केवल वीआईपी व प्रशासनिक अधिकारियों की एंट्री होगी। गेट नंबर 1, 2 व 4 से सिटीजन मैदान में प्रवेश कर सकते हैं। इसके साथ फुटबॉल ग्राउंड व कबड्डी ग्राउंड के पास पार्किंग बनाई गई है। आम लोगों के वाहन वहीं पर खड़े रहेंगे। थाना व चौकी प्रभारियों को अपने एरिया में प्रभावी गश्त करने की हिदायत दी गई है। बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन की गहनता से जांच की जा रही है।