राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा दिल्ली में कोरोना की चपेट में आ गए हैं। इसके साथ ही जिले में 79 नए मरीजों की पुष्टि होने के साथ कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 3500 पहुंच गया है। रविवार को जिले में सबसे कम उम्र की महिला के कोरोना के चलते दम तोड़ने की पुष्टि हुई है। जिले में अब कोरोना के उपचार के दौरान दम तोड़ने वालों की संख्या 38 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार फिलहाल जिले में कोरोना के 750 एक्टिव मरीज हैं। इसमें से 38 पीजीआईएमएस में भर्ती हैं और 712 होम आइसोलेट हैं। गनीमत यह है कि अब तक 2712 कोरोना के मरीज ठीक भी हो चुके हैं। जांच रिपोर्ट के आंकड़ों को देखें तो 4.18 प्रतिशत लोग संक्रमित मिल रहे हैं और रिकवरी रेट 77.48 पहुंच गया है। अब तक विभाग जिले में 83595 सैंपल की जांच कर चुका है और 79805 इसमें से निगेटिव मिले हैं।
वहीं जिले में सबसे कम आयु की महिला की मौत कोरोना के कारण हो गई है। बाबरा मोहल्ला की रहने वाली महिला की आयु महज 25 साल थी और उसकी सिजेरियन डिलिवरी हुई थी। बीपी आदि समस्या के साथ वह कोरोना से पीड़ित थी। सांस लेने में समस्या होने के चलते उसे पीजीआईएमएस में वेंटिलेटर पर रखा गया था। महिला की मौत के साथ ही जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 38 हो गई है।
इन पेशों के मिले नए संक्रमित
मैनेजर, बीएसएनएल कर्मचारी, खरावड़ प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी, एचडीएफसी बैंक का मैनेजर व स्टाफ, इलेक्ट्रिशियन, गृहिणी, निजी कर्मचारी, दुकानदार, हरियाणा पुलिस का जवान, छात्र-छात्रा, एमआर, नर्सिंग ऑफिसर, ज्वेलर, एमपीएचडब्ल्यू कर्मचारी, अधीक्षक, धोबी, एएनएम, टीचर, पीएनबी गार्ड, सुनारिया जेल में पुलिस कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल, रेलवे रोड पर चाय की दुकान का संचालक, दिल्ली पुलिस का जवान, सेल्समैन, ईपीएफओ कर्मचारी, मानेसर में तैनात कर्मचारी, सेवानिवृत्त आदि।
आज से करेगी वायरोलॉजी लैब काम
पीजीआईएमएस की वायरोलॉजी लैब सोमवार से काम करना शुरू करेगी। रविवार को इस लैब को संक्रमण मुक्त करने के लिए फोगिंग सैनिटाइजेशन कराया गया है। यह लैब 24 घंटे के लिए बंद की गई है। यह लैब रोजाना 2000 के करीब कोरोना के मरीजों की सैंपल जांच करती है। एक दिन लैब बंद होने से सोमवार को लैब पर वर्क लोड बढ़ जाएगा।
सांसद दीपेंद्र ने लोगों को ट्वीट कर दिया संदेश
कोरोना संक्रमण का शिकार हुए सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने ट्वीट कर लोगों को स्वयं के संक्रमित होने की बात बताई है। उन्होंने लोगों से कोरोना से सुरक्षित रहने की अपील की है। साथ ही उन्होंने कहा है कि जो भी उनके संपर्क में आया है वह स्वयं आइसोलेट हो जाए और अपनी जांच जरूर करवाए। उनकी अन्य जांच हो रही हैं, वह जल्द ठीक हो कर फिर लोगों के बीच आएंगे।
जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ रही है, रविवार को 79 केस मिले हैं। इसके अलावा जिले की 38वीं मौत 25 साल की युवती की है, उसका सिजेरियन हुआ था। कोरोना के अलावा वह अन्य बीमारियों से ग्रस्त थी, उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है।
- डॉ. अनिल बिरला, सिविल सर्जन।