संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। छठ पर्व को लेकर भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने रविवार को शहर के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। घाटों पर सफाई अभियान भी चलाया गया। इस बार 9 घाटों पर करीब 75 हजार श्रद्धालु छठ पूजा कर सूर्य देव को अर्घ्य देंगे।
भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राज नारायण सिंह ने कहा कि छठ महापर्व श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है। श्रद्धालु परिवार के साथ पूजा करने घाट पर पहुंचते हैं। शहर के कबीरपुर स्थित घाट, लक्ष्मण काॅलोनी के दो घाट, बाबा काॅलोनी व रोहट नहर के घाट का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया गया। घाट पर सफाई कार्य शुरू कराया गया है। इन पांच घाट पर करीब 5 हजार श्रद्धालु छठ पूजन करेंगे। इसके अलावा कुंडली के तीन घाटों में न्यू शिवपुरी दुर्गा मंदिर, राजकीय विद्यालय व एचएसआईआईडीसी स्थित घाट पर सफाई का कार्य शुरू हो चुका है। इसे सोमवार तक पूरा कर लिया जाएगा। इन तीनों घाट पर करीब 50 हजार श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। यमुना घाट पर भी श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। यहां करीब 20 हजार श्रद्धालु सूर्य उपासना कर छठ मैया का पूजन करेंगे। निरीक्षण के दौरान डॉ. राहुल, अर्पित मिश्रा, हरे राम सिंह, संजीव तिवारी, अश्वनी शुक्ला, आलोक मौर्य, अजय चौहान, रवि व दीपक तिवारी मौजूद रहे।