माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। एमबीबीएस में दाखिले का झांसा देकर एक युवक ने सेक्टर दो की युवती और उसके पिता से साढ़े 7 लाख रुपये ठग लिए। इस संबंध अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर दो निवासी नरेंद्र सिंह ने बताया कि 13 सितंबर को उसके पास फोन आया। बताया कि उसका नाम आकाश पांडे है और वह गाजियाबाद से बोल रहा है। साथ ही केंद्र सरकार के कोटे के तहत एमबीबीएस के कोर्स में दाखिले करवाता है। इसके बाद आरोपी ने निशांत नाम के युवक को उसके पास भेज दिया। वह उसकी बातों में आ गया। आरोपी ने उसकी बेटी दीपांशी का दाखिल कराने के लिए एडवांस 73 हजार रुपये ले लिए। फिर फीस के तौर पर 60 हजार का ड्राफ्ट लखनऊ के काॅलेज के नाम बनवा लिया।
वह 30 सितंबर को बेटी के साथ लखनऊ गया। आरोपी निशांत व राजवीर ने फर्जी पत्र दिखाकर और रुपये ले लिए। आरोपी राजबीर को गूगल पे के माध्यम से मुजफ्फरनगर की ब्रांच में ट्रांसफर करवा लिए। जब वह लखनऊ के काॅलेज में रसीद लेकर गया तो रसीद फर्जी बताई गई। उसने निशांत व आकाश पांडे से बात की तो उन्होंने दाखिला रद्द होने की बात टालकर रुपये वापस भेजने की बात कही, लेकिन अब तक न तो रुपये वापस भेजे और न ही कागजात लौटाए।