रोहतक। जिला प्रशासन ने एलपीजी गैस उपभोक्ताओं से गैस बुकिंग में अनावश्यक जल्दबाजी से बचने व सामान्य रूप से बुकिंग कराने का आह्वान किया है। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि सभी 35 गैस एजेंसियों पर रविवार को 6775 एलपीजी गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध रहा जबकि 7334 गैस सिलेंडरों की डिलीवरी की गई।
खाद्य व आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने कलानौर गैस एजेंसी के स्टॉक को और अधिक बढ़ाने के लिए पत्र लिखा है। कोई अधिक दाम वसूले या जमाखोरी करे तो इसकी शिकायत अवश्य करें। उन्होंने कहा कि गैस कंपनी की आधिकारिक एप, वेबसाइट या टोल-फ्री नंबर का उपयोग करके बुकिंग करें। जिले में गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है।
प्रतिदिन की मांग के अनुसार घरेलू गैस सिलिंडरों की उपलब्धता सुचारू रूप से बनी हुई है। प्रशासन और आपूर्ति विभाग स्थिति की निरंतर निगरानी कर रहा है। जिनके पास पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन है उन्हें एलपीजी गैस सिलेंडर लेने से परहेज करना चाहिए। इससे डुप्लीकेसी से बचा जा सकता है।