पंप से पेट्रोल डलवाकर कार सवार युवक फरार
डबवाली। गांव चौटाला के एक पेट्रोल पंप से कार में सवार चार युवक गाड़ी में तेल डलवाकर बिना पैसे दिए ही फरार हो गए। पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक अनुज सहारण की शिकायत पर कार सवार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पेट्रोल पंप के संचालक अनुज सहारण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव चौटाला के बाईपास पर सहारण पेट्रोल पंप है। मंगलवार रात एक सफेद रंग की कार में चार युवक आए और टंकी फुल करने के लिए कहा। इस बीच उनमें से एक युवक लघुशंका के लिए चला गया और तेल भरवाने के बाद सभी युवक कार लेकर फरार हो गए। पंप पर कार्यरत मुकेश कुमार ने गाड़ी के पीछे दौड़ लगाई लेकिन युवक कार तेज गति से भगाकर ले गए।