ओलावृष्टि से खराब फसलों की खेतों में जाकर रिपोर्ट तैयार करेंगे अधिकारी
चरखी दादरी।
जिले के बिगोवा गांव में ओलावृष्टि से हुए फसलों को काफी नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग द्वारा की गई सर्वे से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर जिला के बिगोवा गांव में हुए नुकसान की विशेष गिरदावरी के निर्देश दिए गए हैं। जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार ने बताया कि 9 अप्रैल को आयोजित कष्ट निवारण समिति की बैठक में फसलों को हुए नुकसान से संबंधित बहुत से ज्ञापन प्राप्त हुए थे। बैठक में ही हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने बताया कि मंत्री के आदेशानुसार ओलावृष्टि के कारण फसलों को हुए नुकसान का जिला के राजस्व अधिकारियों ने मौके पर जाकर सर्वे किया।
राजस्व अधिकारियों ने रिपोर्ट दी है कि बिगोवा गांव में ओलावृष्टि के कारण फसलों को काफी नुकसान हुआ है। रिपोर्ट को विशेष गिरदावरी के लिए मुख्यालय भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यालय से बिगोवा गांव की विशेष गिरदावरी के मौखिक आदेश मिल चुके हैं। उन्होंने बताया कि फसल को हुए नुकसान के आंकलन के लिए प्रत्येक खेत में मौके पर जाकर विशेष गिरदावरी का इंद्राज किया जाएगा। जिला राजस्व अधिकारी ने बताया कि जिन किसानों ने फसलों को बीमा करवा रखा है, वे संबंधित बीमा कंपनी को फसल खराब होने की सूचना भेज दें। उनकी फसलों को हुए नुकसान की भरपाई बीमा योजना के नियमों के अनुसार किया जायेगा।