सरसों खरीद शेड्यूल के अनुसार, नहीं शुरू हुई गेहूं की खरीद
चरखी दादरी।
अनाज मंडी में बुधवार को एक हजार कुंतल सरसों की खरीद की गई। इसे मिलाकर अब तक मंडी में नौ हजार कुंतल सरसों खरीदी जा चुकी है। वहीं अब मंडी में गेहूं की आवक भी शुरू होने लगी है लेकिन गेहूं में नमी की मात्रा ज्यादा होने की वजह से खरीद कार्य में परेशानी आ रही है।
अनाज मंडी में बुधवार को सरसों की खरीद का कार्य निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही किया गया। आज पांच गांवों के किसानों की ही सरसों खरीदी गई। मंडी में मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों द्वारा लगातार खरीद की निगरानी की जा रही है ताकि किसानों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न आए और खरीद कार्य सुचारु रूप से चलता रहे। हैफेड के क्षेत्रीय अधिकारी रामनारायण ने बताया कि अब तक मंडी में नौ हजार कुंतल सरसों खरीद की जा चुकी है। खरीद के साथ-साथ उठान कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंडी में अब गेहूं की आवक भी शुरू हो गई है लेकिन गेहूं में नमी की मात्रा ज्यादा होने की वजह से खरीद में परेशानी आ रही है। उन्होंने बताया कि गेहूं खरीद के लिए करीब छह लाख कट्टे बारदाना के रूप में मंगवाए गए हैं। गेहूं की खरीद के लिए कोई शर्त नहीं लगाई गई है। उन्होंने बताया कि गेहूं में नमी की मात्रा 12 प्रतिशत से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। गेहूं की बिक्री के लिए किसान को अपना पहचान पत्र व गिरदावरी की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने की जरूरत नहीं है। किसान जितनी मात्रा में चाहे गेहूं की बिक्री कर सकता है।