रोडवेज कर्मियों की बहाली के लिए अनिश्चिकालीन धरना शुरू
चरखी दादरी।
रोडवेज के दादरी वर्कशाप से करीब एक वर्ष पूर्व हटाए गए 52 कच्चे कर्मचारियों की बहाली सहित विभिन्न मांगों के लिए मंगलवार को रोडवेज की तालमेल कमेटी ने रोष जताया। इस दौरान तालमेल कमेटी व हटाए कर्मियों ने संयुक्त रूप से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। तालमेल कमेटी ने प्रदेश सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि कर्मियों की बहाली व मांगे पूरी नहीं होने पर हरियाणा में चक्का जाम कर दिया जाएगा।
रोडवेज इंटक के प्रदेशाध्यक्ष अनूप सहरावत, एसकेएस के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र दिनोद व महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रणबीर गहलौत के संयुक्त नेतृत्व में तालमेल कमेटी ने दादरी रोडवेज डिपो में रोष मीटिंग कर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद डिपो से हटाए गए 52 कच्चे कर्मियों के साथ अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि हरियाणा सरकार ने दादरी डिपो से एक वर्ष पूर्व 52 कच्चे कर्मचारियों को हटाकर उनकी रोजी-रोटी छिनने का कार्य किया है। कर्मचारियों की बहाली के लिए सरकार व परिवहन मंत्री से हुई वार्ता के बाद भी कर्मचारियों की बहाली नहीं की गई। इसके अलावा कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर कई बार वार्ता भी हुई और आश्वसन भी मिला लेकिन धरातल पर कोई कार्य नहीं किया। ऐसे में अब हरियाणा रोडवेज के कर्मचारी चुप नहीं बैठेंगे और जल्द ही प्रदेश स्तरीय तालमेल कमेटी की मीटिंग बुलाकर हरियाणा में चक्का जाम की घोषणा की जाएगी। इस अवसर पर डिपो प्रधान राजेश रावलधी, धर्मबीर डाला, भरपूर मिर्च, भूप सिंह धनासरी, संतोष बूरा, कृष्ण ऊण, सुरेश फरटिया, परमजीत खेड़ी, रमेश लांबा, सुमित चिडिय़ा, सुखविंद्र हड़ोदी, मनोज मंदोला व सतबीर दगड़ोली आदि उपस्थित थे।