आंगनबाड़ी वर्करों ने थाली-चम्मच बजाकर जताया विरोध
चरखी दादरी।
आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर यूनियन की जिला इकाई ने मांगों को लेकर शनिवार को पांचवें दिन भी अनिश्चितकाल हड़ताल जारी रखी। इससे पहले सभी आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर रोज गार्डन में एकत्रित हुई और उन्होंने थाली-चम्मच बजाकर सरकार का विरोध जताया। उन्होेंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सरकार की ओर से कोई विचार नहीं किया गया तो अपने परिवार के साथ भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उनके आंदोलन को अध्यापक संघ, जयहिंद मंच, इनेलो व किसान समिति ने भी समर्थन दिया। शनिवार को पांचवें दिन भी उन्होंने शहर में प्रदर्शन कर रोष मार्च निकाला और लघु सचिवालय के समक्ष धरना दिया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजवंती फौगाट ने कहा कि इस बार वे आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए मैदान में हैं। उनकी 14 सूत्रीय मांगों को लेकर वे पिछले पांच दिन से संघर्ष कर रहे हैं लेकिन सरकार की ओर से न तो बातचीत का न्यौता मिला और न ही उनकी मांगों पर विचार किया गया। उनकी हड़ताल लगातार जारी रहेगी और इस बार वे अपने परिवार के साथ भूख हड़ताल पर बैठेंगे। वहीं संघ की महासचिव अनिल श्योराण ने कहा कि बेटी बचाने व बेटी पढ़ाने का नारा देने वाली सरकार बेटियों के साथ अन्याय कर रही है। यहीं कारण है कि आज वे सड़कों पर हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करें अन्यथा दूसरे विभागों का साथ लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर अध्यापक महासंघ के प्रदेश महासचिव संजीव मंदोला, ओमधारा श्योराण, उर्मिल, चंद्रकला बाढड़ा, शशि कौशिक, ऊषा सांजरवास, सुदेश बिलावल, सुनील डुडीवाला, शर्मिला, वेदकौर, सुनीता, संतोष, रामौतारी झोझू, बिमला, शकुंतला, दयाकौर, शुलक्षणा, सुंदरा देवी, अनिता, नीलम, विद्या देवी, गीता आदि उपस्थित थे।