गांव शोभापुर से चोरी का कैंटर बरामद
नारनौल। सदर थाना पुलिस नारनौल ने पिछले सप्ताह गांव शोभापुर से चोरी हुआ कैंटर बरामद कर लिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। ये जानकारी थाना प्रबंधक नवल किशोर ने दी।
उन्होंने बताया कि पिछले माह 31 जनवरी को गांव शोभापुर निवासी पवन पुत्र ओम ने घर के पास खड़ा कैंटर चोरी हो जाने की लिखित शिकायत सदर थाना में दी थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कैंटर व आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस को शुरूआत से ही इस चोरी के तार मेवात से जुड़े होने का शक था। इसलिए पुलिस ने मेवात पुलिस को सूचित कर तलाश में मुखबिर लगाने की बात कही। शुक्रवार सायं को सदर थाना पुलिस को सूचना मिली की मेवात नूह के नजदीक कुछ लोग एक नए कैंटर पर रात के समय पेंट रहे थे जो चोरी का हो सकता है। सूचना पर एसएचओ नवल किशोर, एएसआई रमेश व एएसआई सतपाल कैंटर मालिक को साथ लेकर तुरंत मेवात रवाना हो गए, परंतु चोरों को भी पुलिस आने की सूचना पहले ही मिल गई। इस पर वे कैंटर लेकर वहां से भाग गए। शनिवार को फिर पुलिस को सूचना मिली की कैंटर को अटेली के पास देखा गया है। इसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, पुलिस के आने पर चोर अपने आप को घिरा देख बाछौद की बणी में कैंटर को खड़ा करके भाग गए। पुलिस ने बाछौद की बणी से कैंटर बरामद किया। चोरों ने कैंटर के डाला व नंबरों पर सफेद पेंट करके पहचान मिटाई हुई थी। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।