भाजपा के कार्यकाल में जीडीपी ग्रोथ पहुंची 6.5 से 8 फीसदी : वित्तमंत्री
- शहर के मातूराम इंजीनियरिंग कॉलेज में पहुंचे थे वित्तमंत्री
- कांग्रेस पर किया कटाक्ष, बोले देश और प्रदेश को लूटने का किया काम
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में निवेशकों का रुझान हरियाणा की तरफ बढ़ रहा है। बड़ी-बड़ी कंपनियां यहां पर आगामी दिनों में निवेश करेगी। यहीं कारण है कि भाजपा के समय में जीडीपी ग्रोथ 6.5 से बढ़कर 8 फीसदी तक पहुंच गई है। वित्तमंत्री वीरवार को मातूराम इंजीनियरिंग कॉलेज में पहुंचे थे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत की।
उन्होंने कहा कि रोहतक-हांसी रेलवे लाइन से लेकर अन्य प्रोजेक्ट पर भाजपा सरकार काम कर रही है। अधिकतर प्रोजेक्ट का काम शुरू करा दिया गया है, जबकि कुछ पर शुरू होने वाला है। विकास कार्य को लेकर कांग्रेस ने जनता को ठेंगा दिखाया है, लेकिन जब से भाजपा सरकार आयी है तब से विकास कार्यों से लेकर उद्योगों में भी बढ़ोतरी हुई है। जीडीपी ग्रोथ में भी इजाफा हुआ है। कांग्रेस ने हमेशा देश को लूटने का काम किया है, लेकिन भाजपा जनता की समस्याओं से लेकर विकास को लेकर आगे बढ़ रही है। प्रदेश में टोल को लेकर चल रहे विरोध पर कहा कि यह एक नीति का हिस्सा है। सरकार काफी टोल को खत्म कर चुकी है। फिर भी यदि कही नियम का पालन नहीं हो रहा तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। कुंडली-मानेसर पलवल हाइवे भी जल्द ही पूरा हो जाएगा।