समसपुर में बनेगा जिलास्तरीय खेल स्टेडियम
चरखी दादरी।
जिले का खेल स्टेडियम शहर के दिल्ली रोड स्थित समसपुर गांव के समीप बनेगा। इसके लिए ग्राम पंचायत ने 25 एकड़ जमीन का प्रस्ताव पारित कर खेल विभाग व प्रशासन को सौंप दिया है। खेल व प्रशासनिक विभाग अधिकारी मौके का जायजा ले चुके हैं। सरकार की स्वीकृति मिलते ही स्टेडियम निर्माण पर तत्परता से काम शुरू हो सकेगा। जिला स्तरीय खेल स्टेडियम की लंबे समय से जरूरत बनी हुई थी जोकि अब परवान चढ़ते नजर आ रही है। कुछ दिन पहले ही खेल विभाग ने जिले को 44 कोच देने की घोषणा कर इनमें से आठ पदों पर नियुक्ति भी कर दी थी। क्षेत्र में खेल सुविधाओं के अभाव में भी जिले के कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय पटल पर खेलों में देश का नाम चमका चुके हैं।
जानकारी के अनुसार जिले में स्टेडियम की जरूरत लंबे समय से बनी हुई है। चरखी दादरी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के कुश्ती, कबड्डी व वॉलीबाल के खिलाड़ी दिए हैं। कबड्डी में गांव आदमपुर से एक खिलाड़ी और गांव मकड़ाना निवासी वॉलीबाल खिलाड़ी संजय भारतीय बॉलीवाल टीम में खेलते हुए देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इनके अलावा खिलाड़ी प्रियंका पिलानिया भी कबड्डी की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी है। कुश्ती में ओलंपियन गीता, बबीता व विनेश ने जिले की शान बढ़ाई है। तीनों खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ढेर सारे पदक जीत चुकी हैं। जिले ने राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न खेलों के कोच भी दिए हैं। चरखी दादरी में मल्टी परपज खेल स्टेडियम न होने से खिलाडिय़ों को अभ्यास करने के लिए खेल मैदान नहीं है। सरकारी आयोजनों के लिए भी सरकारी खेल स्टेडियम नहीं है। जनता कालेज का अपना कालेज स्टेडियम जरूर है।
स्टेडियम निर्माण को लेकर करीब ढाई दशक से अटकलें लगती आ रही हैं। इनेलो सरकार के शासनकाल में शहर के कालेज रोड पर परसराम हेतराम स्कूल के समीप खाली पड़ी जमीन पर खेल स्टेडियम निर्माण के लिए शिलान्यास का पत्थर भी लगा दिया गया था लेकिन बाद में यह खटाई में पड़ गया । तत्पश्चात शहर से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित दादरी- रोहतक रोड पर गांव रावलधी के समीप स्टेडियम निर्माण को लेकर प्रक्रिया शुरू हुई थी लेकिन बाद में यह भी सिरे नहीं चढ़ सका था। अब जिला बन जाने पर खेल विभाग ने खेल स्टेडियम निर्माण को लेकर अपनी शुरूआत की है। इसके लिए विभाग अधिकारियों द्वारा शहर व आसपास के गांवों में जगह की तलाश की गई। विभाग अधिकारियों का मानना है कि स्टेडियम के लिए कम से कम 20 एकड़ जमीन का होना जरूरी है।
अब दिल्ली बाईपास पर मिली जमीन
खेल विभाग अधिकारियों के प्रयासों से अब दिल्ली रोड पर गांव समसपुर के समीप 25 एकड़ जमीन का प्रस्ताव मिला है। खेल विभाग अधिकारी इस जगह को स्टेडियम निर्माण के लिए अच्छा मान रहे हैं। जिला खेल अधिकारी राजबीर सिंह ने बताया कि गांव समसपुर की पंचायत ने स्टेडियम निर्माण के लिए 25 एकड़ जमीन का प्रस्ताव पारित कर विभाग को सौंप दिया है। अब पंचायत का प्रस्ताव मिलने पर खेल विभाग अधिकारियों ने इसकी प्रक्रिया को और आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है।
= डीएसओ व एसडीएम जगह का ले चुके जायजा
डीएसओ राजबीर सिंह व एसडीओ ओमप्रकाश देवराला गांव समसपुर स्थित इस जगह का जायजा ले चुके हैं। इन अधिकारियों का मानना है कि स्टेडियम के लिए यह जगह पर्याप्त व सही है। इन अधिकारियों का मानना है कि अब सरकार की स्वीकृति मिल जाने पर इस प्रक्रि या को जल्द ही अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
बाक्स: बलिदान स्टेडियम भी खस्ता, खेल सुविधाओं की भी कमी
शहर के खिलाड़ी इस समय केवल जनता कालेज के बलिदान स्टेडियम पर ही निर्भर है। फिलहाल इस स्टेडियम की हालत भी खस्ता बनी हुई है। कुछ समय पहले इसकी जर्जर बिल्डिंग को भी हादसों के डर से तोड़ा गया था। जनता कालेज के खिलाड़ी खेल सुविधाओं के अभाव में कालेज प्राचार्य सहित प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंप चुके हैं।
वर्जन--
गांव समसपुर में 25 एकड़ जमीन का प्रस्ताव मिल चुका है। सरकार की स्वीकृति मिलने पर इस पर तेजी से काम शुरू कर दिया जाएगा। विभाग इसके लिए लगातार प्रयासरत है।
राजबीर सिंह, डीएफओ
वर्जन::
हमने मौका देख लिया है। डीएफओ को भी मैं साथ लेकर गया था। जल्द ही इस पर हम काम शुरू करवा देंगे। खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा मुहैया कराने के लिए जिला प्रशासन सदैव तत्पर है।
ओमप्रकाश देवराला, एसडीएम