प्रदीप ने जीता कुश्ती दंगल
बहल
गोगानवमी के अवसर पर हुए कुश्ती दंगल में 11 हजार रुपये की कुश्ती का इनाम प्रदीप हेतमपुरा ने जीता। पहलवान प्रदीप का मुकाबला करने के लिए कुश्ती रिंग में कोई सामने नहीं आया और उनको विजेता घोषित कर प्रथम इनाम दिया गया। प्रतिभागियों को सरपंच गजानंद अग्रवाल ने इनाम देकर सम्मानित किया।
गोगानवमी के अवसर पर बुधवार को हुए कुश्ती दंगल में क्षेत्र के अनेक पहलवान भाग लेने पहुंचे। छोटी से लेकर बड़ी कुश्ती में पुरुषों के अलावा महिला पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया। दंगल की पहली कुश्ती का इनाम प्रदीप हेतमपुरा को दिया गया। प्रदीप के मुकाबले में कोई पहलवान नहीं उतरा। दंगल के 5100 रुपये के दूसरे इनाम के रूप में विजय धनाना तथा मनीष धारेड़ू विजेता बने। वहीं, 3100 रुपये का तीसरा इनाम लाला बामला ने जीता। लाला ने अपने मुकाबले में नवीन को हराया। दंगल में लेघां गांव के दो महिला पहलवानों तथा उनके एक भाई का दबदबा बना रहा। पहलवान तरूण लेघां जहां आधा दर्जन से कुश्ती मुकाबले में उतरा वहीं उनकी बहन तन्नू लेघां और तमन्ना शर्मा ने भी अपने मुकाबले जीते। तन्नू ने 1100 रुपये तथा तमन्ना ने 500 रुपये की कुश्ती की विजेता बनी। दंगल में दलीप पहलवान, ओमप्रकाश तथा मनोज पहलवान ने रेफरी की भूमिका अदा की। दंगल में बहल तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।