भाई की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाला गिरफ्तार
चरखी दादरी। चार दिन पहले जमीनी विवाद में अपने भाई पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने के आरोपी को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में मृतक के परिजनों के बयान पर पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।
गौरतलब है कि वीरवार शाम गांव पैंतावास खुर्द निवासी जगविंद्र उर्फ पिंकी व उसके बड़े भाई बिल्लु के बीच जमीन बंटवारे को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देेखते बात हाथापाई तक जा पहुंची और इसी दौरान जगविंद्र ने बिल्लु पर हमला कर दिया। इस दौरान परिजन मौके पर पहुंचे तो बिल्लु लहुलुहान हालत में जमीन पर अचेत पड़ा हुआ। परिजनों ने उसे संभाला और उपचार के लिए दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया। इसी दौरान बिल्लु ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह सदर थाना प्रभारी उदमीराम को दिए बयान में बिल्लु की पत्नी ने अपने देवर जगविंद्र पर हत्या का आरोप लगाया था। सदर थाना पुलिस ने जगविंद्र पर हत्या का केस दर्ज कर लिया था। थाना प्रभारी उदमीराम ने शनिवार देर शाम आरोपी जगविंद्र को गिरफ्तार कर लिया।