निगम ने ट्रांसफार्मर से काटे कनेक्शन, लोगों ने लगाया जाम
चरखी दादरी। ओवरलोड ट्रांसफार्मर से बिजली कनेक्शन हटाने पर वार्ड नंबर 17 स्थित एक्सटेंशन कॉलोनी के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। निगम की इस कार्रवाई के विरोध में कॉलोनीवासी निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर दादरी-लोहारू मुख्यमार्ग पर जाम लगा दिया। इसकी सूचना पाकर हाईवे पेट्रोलिंग टीम व सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद वार्ड पार्षद प्रतिनिधि ने निगम के एसडीओ के आश्वासन पर लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।
इस समय शहर के 30 फीसदी ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहे हैं। वार्ड नंबर 17 के करीब दो दर्जन उपभोक्ताओं के घरों के कनेक्शन निगम अधिकारियों ने वार्ड नंबर 18 के एक ट्रांसफार्मर से जोड़ रखे थे। इसके बाद ट्रांसफार्मर के ओवरलोड होने से लो वोल्टेज की समस्या दोनों वार्डों में बनी हुई थी। वार्ड नंबर 18 के लोग इस संबंध में कई बार निगम के अधिकारियों से शिकायतें कर चुके थे। शनिवार को बिजली निगम के लेबर ने ट्रांसफार्मर से जुड़े वार्ड नंबर 17 के करीब 25 बिजली कनेक्शन काट दिए। काफी देर के इंतजार के बाद भी जब बिजली सप्लाई बहाल नहीं हुई तो लोगों ने पता लगाने का प्रयास किया। इस दौरान ट्रांसफार्मर से बिजली कनेक्शन निगम कर्मचारियों द्वारा काटे जाने की बात सामने आने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि जब उन्होंने निगम अधिकारियों से संपर्क किया तो मेंटनेंस वर्क के चलते कनेक्शन हटाने का तर्क दिया गया। अशोक, बिजेंद्र, मुन्ना, चिंरजी, अजय ने बताया कि घंटों तक बिजली सप्लाई बहाल न होने पर उन्होंने दोबारा से निगम अधिकारियों को फोन किया तो ट्रांसफार्मर ओवरलोड के चलते कनेक्शन हटाने की बात कही गई। इसके बाद वो एकत्र होकर गांव भैरवी व लोहारू चौक के बीच जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पाकर हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और मामले से सदर थाना पुलिस को भी अवगत करवाया। पुलिस कर्मचारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाने का प्रयास किया लेकिन निगम अधिकारियों द्वारा मौके पर आकर आश्वासन देने की बात पर वार्डवासी अड़ गए। इसी दौरान वार्ड नंबर 17 पार्षद प्रतिनिधि विक्रम सिंह भी मौके पर पहुंचे और निगम के एसडीओ से फोन पर बात कर समस्या का समाधान करने की मांग की। इस पर एसडीओ ने तुरंत प्रभाव से मौके पर कर्मचारी भेजकर समस्या का जल्द से जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद पार्षद प्रतिनिधि के कहने पर लोगों ने जाम खोल दिया।
तीन दिनों से गहराया है बिजली व पेसजल संकट
वार्डवासी यशपाल, प्रविंद्र, कृष्ण, राहुल, बाला, कृष्णा व अनिता देवी ने बताया कि पिछले तीन दिनों से घरों में नाममात्र ही बिजली सप्लाई आई है। पिछले 72 घंटे में दो रात उनके यहां ब्लैक आउट रह चुका है। बिजली न होने के कारण घरों में पीने का पानी तक नहीं है। हमारी समस्या की तरफ न जन स्वास्थ्य विभाग ध्यान दे रहा है और न ही बिजली निगम। दोनों विभागों की नजरअंदाजी से परेशान होकर अंत में उन्हें मजबूरन जाम लगाना पड़ा।
बिजली संकट के चलते लोगों ने जाम लगाया था। सूचना पाकर मैं तथा सदर थाना प्रभारी उदमीराम अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। निगम अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोल दिया। इसके बाद यातायात व्यवस्था को बहाल करवाकर ही पुलिस वापस लौटी।
एसआई पवन, हाईवे पेट्रोलिंग टीम इंचार्ज
निगम ने ट्रांसफार्मर से करीब 25 कनेक्शन काट दिए थे। इसी से खफा होकर लोगों ने जाम लगाया। निगम के एसडीओ ने मुझे जल्द से जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। समझाने पर लोगों ने अपने आप ही जाम खोल दिया।
एडवोकेट विक्रम, वार्ड 17 पार्षद प्रतिनिधि