बिजली कर्मचारियों से मारपीट, दो सगे भाईयों पर केस दर्ज
बौंदकलां।
सांजरवास स्थित 33 केवीए सब पावर स्टेशन कार्यालय में बिजली कर्मचारियों से मारपीट करने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने पर बौंदकलां थाना पुलिस ने मिसरी निवासी दो सगे भाईयों पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस ने ये कार्रवाई निगम के एसडीओ की शिकायत पर की है।
33 केवीए सब पावर स्टेशन सांजरवास के एसडीओ अमनदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उन्हें निगम कार्यालय में कर्मचारियों से झगड़ा करने की सूचना मिली थी। जब वे मौके पर पहुंचे तो उन्होंने दो लड़कों को मनीराम एलडीसी, महेश कुमार एलएम, सतबीर सिंह एसडीसी, विष्णुदत्त एलडीसी, हरीराम पियन व साहिल के साथ मारपीट करते देखा। इस दौरान हमलावर युवकों ने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने इस मामले में एसडीओ की शिकायत पर गांव मिसरी निवासी सगे भाई सुरेंद्र और राजेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एसएचओ शमशेर सिंह मान ने बताया कि पुलिस ने एसडीओ की शिकायत पर सुरेंद्र व राजेश कुमार निवासी मिसरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।