रोहतक। सुंदरपुर गांव के युवक को ऑनलाइन ट्रक बुक करवाना महंगा पड़ गया। साइबर ठग ने झांसे में लेकर 70 हजार से ज्यादा रुपये ठग लिए। इस संबंध में सदर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
मनीष शर्मा ने बताया कि यूपी के भदोई में सामान भेजने के लिए उसने ऑनलाइन ट्रक सर्च किया। थोड़ी देर बाद एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि गुजरात के मोरबी से यूपी के भदोई तक 3 हजार रुपये प्रति टन किराया लिया जाएगा।
दोनों के बीच 2800 रुपये प्रति टन किराया तय हुआ। इसके बाद आरोपी ने उसे ड्राइवर का आधार कार्ड, मोबाइल नंबर व ड्राइविंग लाइसेंस भेज दिया। इससे उसे विश्वास हो गया। आरोपी ने 30 प्रतिशत एडवांस के नाम पर 35 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
आरोपी ने कहा कि आपको 35,250 रुपये भेजने थे। वह आपको वापस 35000 रुपये भेज रहा है। इसके लिए उसे एक मैसेज मिला। उसने बोला कि 35,250 रुपये दूसरे खाते में भेज दीजिए। उसने अपने रिश्तेदार से पैसे भिजवा दिए। थोड़ी देर में फोन आया कि गाड़ी में तेल डलवाना है। तब उसे शक हुआ। अकाउंट की जांच की तो पता चला कि आरोपी ने फर्जीवाड़ा किया है।