रोहतक। थाना शिवाजी काॅलोनी क्षेत्र के कमला नगर निवासी एक शिक्षक के साथ साइबर ठगों ने एक निजी टेलिकॉम कंपनी के रोमिंग पैक के पैसे वापस दिलवाने के नाम पर 70 हजार रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने एक दिन पहले ही 899 रुपये वापस कराने के लिए शिकायत दर्ज कराई थी। अगले ही दिन उनकी समस्या को दूर करने के नाम पर साइबर अपराधी ने ठगी को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कमला नगर निवासी विनोद ने बताया कि 11 जनवरी को उनके पास एक व्यक्ति ने कॉल किया। उसने कहा कि वह टेलिकॉम कंपनी की ओर से उनकी शिकायत दूर कराएगा। उसने व्हाट्सअप काल की और कहा कि वह स्क्रीन साझा करें। जब उसने मोबाइल की व्हाटसअप कॉल शेयर की तो ठग ने पूरा मोबाइल अपने अनुसार चलाना शुरू कर दिया। चंद सेकेंड में बैंक खाते और पेटीएम आदि से 70 हजार रुपये झारखंड के इंडियन बैंक में ट्रांसफर कर लिए पीड़ित को जब घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने 1930 पर कॉल कर दिया। ब्यूरो