रोहतक। जिले में ठगी की वारदात नहीं थम रही हैं। चलती ट्रेन में एक व्यक्ति ने टॉवर लगाने का झांसा देकर जींद के जेजेवंती गांव के युवक से 70 हजार रुपये ठग लिए, जबकि इस्टाग्राम पर संपर्क कर निवेश कर रही कायस्थान मोहल्ले की युक्ता आहूजा से विदेशी लड़की ने 35 हजार रुपये ठग लिए। वहीं, शिवाजी कालोनी के युवक के मोबाइल में अचानक 99 हजार 999 रुपये कटने का मैसेज आ गया। इस संबंध में आर्य नगर, शिवाजी कालोनी व पुरानी सब्जी मंडी थाने में केस किए गए हैं।
केस नंबर एक : अचानक आदर्श नगर की युवती के खाते से कट गए 91 हजार से ज्यादा
आदर्श नगर निवासी दीक्षा खरबंदा ने दी शिकायत में बताया कि उसका सुभाष नगर स्थित एसबीआई में खाता है। किसी ने उसके खाते से तीन बार में 91 हजार से ज्यादा पैसे ट्रांसफर कर लिए।
केस नंबर दो : रोहतक के पास ट्रेन में बैठकर टॉवर लगवाने का झांसा देकर ठगे 70 हजार
वहीं जींद जिले के गांव जेजेवंती निवासी अजीत शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पंकज ग्रोवर नाम के युवक ने ट्रेन में उससे मिलकर टॉवर लगाने की बात की। साथ ही अपना पता पंकज ग्रोवर अमरीक सिंह रोड, वृद्धा आश्रम, बठिंडा पंजाब बताया। इसके अलावा दूसरे युवक एमडीआर के सिंहानियां ने कई बार फोन किए। दोनों ने मिलकर उसके 70 हजार रुपये ठग लिए। अब फोन भी उठाना बंद कर दिया। पीड़ित ने सीएम विंडो पर शिकायत दी।
केस नंबर तीन : इंस्टाग्राम पर विदेशी लड़की ने ठग लिए 35 हजार रुपये
वहीं, कायस्थान मोहल्ला निवासी युक्ता आहूजा ने दी शिकायत में बताया कि 23 फरवरी को वह इस्टाग्राम चला रही थी। साथ ही निजी कंपनी में काम करती है। उसका कैंडेंस नाम की लड़की से संपर्क हुआ। बात करते हुए आरोपी ने उसे निवेश करने के लिए कहा। उसने मर्जी से उसके खाते में 35 हजार ट्रांसफर कर दिए।
केस नंबर चार : अचानक 99 हजार 999 रुपये कटने का मैसेज आ गया
श्हार के न्यू विजय नगर निवासी प्रदीप ने शिवाजी कालोनी थाने में शिकायत दी है कि वह रेलवे रोड स्थित बैग हाउस पर नौकरी करता है। 22 फरवरी को शाम करीब पौने सात बजे घर पर बैठा था। अचानक 99 हजार 999 रुपये कटने का मैसेज आ गया। उसने बैंक के टोल फ्री नंबर पर कॉल करके पूछा तो बताया गया कि यूपीआई के माध्यम से राशि ट्रांसफर हुई है। जब उसने किसी को पैसे नहीं भेजे।