रोहतक। छह माह पहले कलानौर के खेरड़ी मोड़ पर राष्ट्रीय राजमार्ग 152डी पर दिल्ली के व्यापारी से लूट के मामले में पुलिस ने 70 हजार रुपये, पिस्तौल व पिकअप गाड़ी बरामद की है। इसके दो आरोपियों दादरी के मंडोला गांव निवासी अमित व गांधी नगर निवासी आशीष को सात दिन के रिमांड पर लिया था। मंगलवार को उन्हें रिमांड पूरा होने पर अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत के चलते जेल भेजा गया है।
प्रभारी सीआईए प्रथम प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि सेक्टर-8, रोहिणी दिल्ली निवासी सुरेन्द्र ने जून में कलानौर थाने में शिकायत दी थी कि उनका बारदाने का कारोबार है। भिवानी व दादरी माल भेजा है। पेमेंट लेने के लिए भिवानी गया था, जहां से 2.25 लाख रुपये की पेमेंट लेकर दिल्ली के लिए चला था। खेरड़ी मोड़ के पास पीछे से आई पिकअप गाड़ी ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप से युवक नीचे उतरे और उसकी कार का शीशा तोड़कर बैग में रखे पैसे उठाकर ले गए। वारदात में पुलिस पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। दो अब भी फरार चल रहे हैं।