फोटो 10: सोनीपत के गोहाना स्थित नई अनाज मंडी में पहुंची सरसों में नमी की मात्रा जांच करते हैफेड
सोनीपत। गोहाना स्थित नई अनाज मंडी में सरसों की आवक और खरीद शुरू हो चुकी है। हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति और विपणन संघ (हैफेड) ने यहां पर दो दिन में 64 क्विंटल सरसों खरीदी है। गोहाना मंडी में ई-खरीद पोर्टल पर अब तक चार गेट पास कट चुके हैं, जबकि अन्य मंडियों में कोई गेट पास जारी नहीं कटा है।
गोहाना अनाज मंडी में सोमवार को 41 क्विंटल सरसों खरीदी गई थी। वहीं, मंगलवार को 23 क्विंटल सरसों खरीदी गई। हैफेड की ओर से मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकृत किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरसों खरीदी जा रही है। सोनीपत, खरखौदा और गन्नौर में सरसों की आवक नहीं हुई। सोनीपत अनाज मंडी में सोमवार को गांव बागडू से जगदीश व बलवान सरसों लेकर पहुंचे थे। उनकी फसल लेने के लिए प्राइवेट मिलर्स की ओर से बोली लगाई गई थी। इस दौरान मिलर्स ने एक किसान की सरसों 5100 रुपये और दूसरे किसान की 5660 रुपये प्रति क्विंटल में लेने की बात कही थी। बाद में किसानों ने फसल बेचने से इनकार कर दिया था। सरकार ने सरसों का एमएसपी 5950 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। सरकारी खरीद एजेंसियों की ओर से मेरी फसल मेरा ब्याेरा पोर्टल पर पंजीकृत किसानों से सरसों की खरीद की जाएगी।