कुरुक्षेत्र। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने कहा कि पूरे प्रदेश से सफाई कर्मचारियों के स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों का सही डाटा संकलित किया जा रहा है। इस ब्योरा संकलित होने के बाद राज्य सरकार की तमाम योजनाओं का इन बच्चों को लाभ दिलाया जाएगा।
कृष्ण कुमार वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले आयोग के उपाध्यक्ष ने पंचायत भवन के सभागार में जिला कुरुक्षेत्र के नगर पालिका कर्मचारियों, ग्रामीण सफाई कर्मचारियों, स्कूल सफाई कर्मचारियों और सफाई कर्मचारी यूनियनों के सदस्यों से समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए और जिन समस्याओं का समाधान प्रदेश स्तर पर किया जाना है, उनको मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष रखकर करवाने का आश्वासन भी दिया।