20 रुपये में करवाएं खाद्य पदार्थों की जांच, आधे घंटे में मिलेगी रिपोर्ट
सिरसा। जिन खाद्य व पेय पदार्थों का आप सेवन कर रहे हैं। उसकी गुणवत्ता सही है या नहीं है। अगर आप उसकी गुणवत्ता की जांच करवाना चाहते हैं तो आपके लिए अब कोई मुश्किल काम नहीं है। केंद्र सरकार द्वारा फरवरी 2018 में शुरू की गई मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब सिरसा पहुंच गई है। ये लैब एक अगस्त से लेकर 14 अगस्त तक सिरसा में ही रहेगी और कोई भी व्यक्ति इस लैब से खाद्य पदार्थों की जांच करवा सकता है। इस लैब की खासियत ये है कि जहां मात्र 20 रुपये में टेस्ट होगा। वहीं आधे घंटे में ही आपको रिपोर्ट भी उपलब्ध करवा दी जाएगी। यानि समय और पैसे दोनों की बचत होगी। केंद्र सरकार की ओर से आई इस मोबाइल फूड टेस्टिंग लेब के साथ तीन सदस्य हैं, जिनमें एक टीओ (टेक्निकल अधिकारी), एक एलए (लैब अटेंडेंट) व एक चालक। सिरसा के बाद टीम फतेहाबाद में टेस्टिंग के लिए जाएगी।
मात्र 20 रुपये में जांच और आधे घंटे में मिलेगी रिपोर्ट
टीम के टीओ (टेक्निकल अधिकारी) अभिमन्यु ने बताया कि पूर्व में खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जाते थे। सैंपल लेने के बाद उनकी रिपोर्ट विभाग को भेजी जाती थी। विभाग की रिपोर्ट में काफी समय लगता था। यही नहीं टेस्ट पर काफी खर्च भी होता था। लेकिन मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब में कोई भी व्यक्ति किसी भी खाद्य पदार्थ का टेस्ट करवा सकता है। टेस्ट की फीस मात्र 20 रुपये है और आधे घंटे में ही टेस्ट की रिपोर्ट भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
कोई भी व्यक्ति करवा सकता है जांच
स्वास्थ्य विभाग की टीम जहां किसी शिकायत के आधार पर दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लेती है। वहीं इस लैब पर कोई भी व्यक्ति जो वह खाद्य पदार्थ या अन्य उत्पाद रोजाना घर में इस्तेमाल कर रहा है। उसकी गुणवत्ता की जांच करवा सकता है। जांच से लोगों को पता चलेगा की जो पदार्थ वे इस्तेमाल कर रहे हैं। वे उनके स्वास्थ्य के लिए उचित है या नहीं।
ये है सिरसा का शेड्यूल
शेड्यूल के मुताबिक लेब एक अगस्त से 3 अगस्त तक नागरिक अस्पताल सिरसा, 6 अगस्त को कालांवाली, 7 व 8 अगस्त को जीएच डबवाली, 9 अगस्त को सीएचसी रानियां, 10 अगस्त को सीएचसी ऐलनाबाद, 13 अगस्त को सीएचसी चोपटा, 14 अगस्त को पीएचसी डिंग में टीम सेवाएं देंगी।
अभिमन्यु नघे, टीओ (टेक्निकल अधिकारी)