30 दोपहिया वाहनों के चालान काटे
सिरसा। चालान काटो पखवाड़े के पहले दिन जिला यातायात पुलिस व महिला थाना पुलिस ने बस स्टैंड के निकट रविवार की सुबह व सांय चालान काटो अभियान चलाया। इस दौरान महिला थाना प्रभारी सुनीता रानी ने नियमों का पालन न करने वाले 30 दोपहिया वाहन चला रहीं युवतियों और महिलाओं के चालान काटे। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने भी बिना हेल्मेट व कागजात पूरे न होने पर कई वाहनों के चालान काटे। इस दौरान कई युवतियां चालान न काटने की भी गुहार लगाती रही, लेकिन महिला थाना प्रभारी ने कोई रहमदिली नहीं दिखाई। जिन वाहनों के चालान किए गए हैं, उनमें अधिकतर विद्यार्थी थे। थाना प्रभारी ने कहा कि नियमों का पालन न करने पर बख्शा नहीं जाएगा। चालान काटो अभियान लगातार 15 दिनों तक चलेगा। अभियान के दौरान नियमों की पालना न करने वाले वाहन चालकों के चालान काटने के साथ-साथ उन्हें नियमों की पालना के लिए जागरूक भी किया जाएगा। थाना प्रभारी ने कहा कि अभिभावकों से भी उनकी अपील है कि वे अपने बच्चों को बालिग होने से पहले वाहन न सौंपें।