मोखरा स्थित गौशाला में गायों की मौत का सिलसिला जारी ---
चार और गायों तोड़ा दम, कुत्ते नोंच रहे शव
- तीन ट्रक भरकर भेजीं गाय, कहां भेजीं, संचालक नहीं कर रहे खुलासा
- गोशाला के बाहर पुलिस ने तैनात की पीसीआर
अमर उजाला ब्यूरो
महम/रोहतक।
मोखरा गांव स्थित गोशाला में एक तरफ तो गायों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है, दूसरी तरफ प्रशासन व संचालक गायों के शवों को ठीक ढंग से दफना तक नहीं रहे हैं। दफनाए गए शवों को कुत्ते नोंच रहे हैं। इससे ग्रामीणों में गहरा रोष है।
ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार रात को गोशाला से गायों को ट्रकों में भरकर किसी अज्ञात स्थान पर भेज दिया। वहीं मंगलवार दिन में भी गायों को दूसरी जगह भेजने के लिए ट्रक मंगवाए गए थे, लेकिन ट्रक चालक प्रशासन के पहुंचते ही मौके से फरार हो गए। इस बारे में मौके पर पहुंचे अधिकारियों से सवाल पूछा गया तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इससे ग्रामीण गुस्से में नजर आ रहे हैं।
गोशाला के पास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणाें कहा कि प्रशासन की मिलीभगत होने के कारण मामले में कार्रवाई नहीं हो रही है। गौशाला प्रबंधक मरी हुई गायों को दबाने मेें भी लापरवाही कर रहे हैं। जिसकी वजह से लावारिस कुत्ते मिट्टी को हटाकर गायों के शव को नोंच रहे हैं। इससे आसपास बदबू फैलने के कारण खेतों में काम करना मुश्किल हो गया है। वहीं गोशाला से गायों को ट्रकों में भरकर अज्ञात जगह ले जा रहा है। जिसकी जानकारी किसी को भी नहीं दी जा रही है।
प्रशासन की देखरेख में होगी आगामी कार्रवाई : एसडीएम
एसडीएम निर्मल नागर ने कहा गोशाला कमेटी ने चार दिन का समय मांगा था। बीमार गायों को दूसरी जगह भेज दिया गया है। अन्य गायों को भी दूसरी जगह भेजने का प्रयास किया जा रहा है। गायों की देखभाल के लिए डॉक्टरों की टीम तैनात करने के साथ बिजली की व्यवस्था की गई है। मामले पर नजर रखने के लिए एक पीसीआर चौबीस घंटे तैनात की गई है। रात को गाय भेजने का मामला सामने आया है। गोशाला कमेटी सदस्यों ने पूछताछ में बताया है कि कमेटी की दूसरी जगह पर गाय भेजी गई हैं। गाय जहां भेजी गई है वहां क्या स्थिति है इसकी जांच की जा रही है।
फोटो कैप्शन
19 एमएचएम 1 गौशाला में पडा मृत गौवंश का शव
19 एमएचएम 2 गौशाला के बाहर दबाए गए गौवंश के शव को नोचता आवारा कुत्ता
19 एमएचएम 3 गौशाला का दौरा कर स्थिति का जायजा लेते खंड अधिकारी