नए टेंडर का फंसा पेंच, 200 कर्मचारी बेरोजगार
फोटो सहित
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
स्वास्थ्य विभाग की सीएचसी में तैनात लगभग 200 आउट सोर्स के कर्मचारी एक माह से बेरोजगार हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इस वजह नये टेंडर पर किसी पेंच का फंसना है। जब तक नया टेंडर नहीं होता उन्हें काम पर नहीं लिया जाएगा। इसके चलते सीएचसी में काम प्रभावित हो रहा है।
रविवार को नये बस स्टैंड के सामने सिटी पार्क में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने बैठक की। इसमें महम, कलानौर, किलोई, सांपला, चिड़ी सीएचसी के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में आउट सोर्स के सफाई कर्मचारी, वार्ड सर्वेंट, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, सुरक्षा कर्मचारी, इलेक्ट्रिशियन ने रोष जताते हुए कहा कि वह टेंडर समाप्त होने के चलते 31 अक्तूबर से खाली हैं। नया टेंडर ठेकेदारों ने आवेदन किया था, लेकिन वह रद हो गया। नया टेंडर न होने से उन्हें ड्यूटी पर नहीं रखा गया है। अधिकारी कभी आन लाइन टेंडर करने की बात करते हैं तो कभी अकाउंट अधिकारी के आने पर टेंडर ओपन करने की बात करते हैं। इसके चलते हर सीएचसी में काम प्रभावित हो रहा है और कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है।