बगावत और बयानबाजी के बीच अब फोटो की राजनीति
अब वीरभार ढुल के विरोधी खेमे ने साधा निशाना,
ढुल बोले शादी में इत्तफाकन एक टेबल पर मिले
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। जसिया रैली से शुरू हुई बगावत और चल रहे बयानबाजी के तीरों के बाद अब फोटो की राजनीति शुरू हो गई है। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के नेताओं ने यशपाल मलिक से बगावत करने वाले नेताओं की एक फोटो जारी कर वीरभान ढुल और उनके साथियों पर वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु से मिले होने का आरोप लगाया है। हालांकि खुद वीरभान ने माना है कि एक शादी समारोह में कैप्टन अभिमन्यु और जाट नेताओं ने एक ही टेबल पर बैठ कर खाना खाया है, लेकिन इसमें कोई राजनीति नहीं है।
गौरतलब है कि जसिया रैली के बाद जाट आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष यशपाल मलिक ने उनसे बगावत करने वाले नेताओं पर वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के साथ मिलकर समाज के खिलाफ काम करने के आरोप लगाए थे। इसके अगले ही दिन समिति से अलग हुए जाट आरक्षण संघर्ष समिति के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरभान ढुल ने पत्रकार वार्ता कर यशपाल मलिक पर भाजपा के इशारे पर काम करने के आरोप लगाए थे। अब यशपाल मलिक के नेतृत्व वाली संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने वीरभान ढुल और उनकी टीम का फोटो जारी किया है, जिसमें वे वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के साथ न सिर्फ एक ही टेबल पर खाना खा रहे हैं, बल्कि बातचीत भी कर रहे हैं। जाट आरक्षण संघर्ष समिति द्वारा जारी की गई फोटो शनिवार की बताई जा रही है। वहीं शनिवार को वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु नरवाना में शादी समारोह में आए थे। हालांकि फोटो की प्रमाणिकता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
जाटों को बांटने के सूत्रधार हैं अभिमन्यु
जींद में वीरभान ढुल, किताब सिंह भनवाला और उनकी टीम को प्रदेश के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने जींद के एक होटल में आमंत्रित किया। इस टीम को चाय पर बुलाना इस बात की तरफ इशारा करता है कि जाट समाज को बांटने का काम जो सरकार द्वारा किया गया, उसके मुख्य सूत्रधार कैप्टन अभिमन्यु हैं। 30 नवंबर की प्रेस वार्ता में अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक द्वारा कैप्टन अभिमन्यु के बारे में जो बात कही गई थी, यह मीटिंग उस बात की सत्यता को प्रमाणित करती है कि यह जो जाट समाज के बागी लोग इन्हीं के इशारे पर काम कर रहे हैं।
- कैप्टन भूपेंद्र सिंह जागलान, जिला प्रधान, अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति, जींद
एक साथ खाना खाया
हम एक शादी समारोह में गए थे, वहां वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु भी पहुंचे। यह सही है कि हमने एक ही टेबल पर बैठ कर खाना खाया। अलग से कोई मुलाकात नहीं हुई है।
- वीरभान ढुल, जिला प्रधान जाट आरक्षण संघर्ष समिति।
..................
फोटो नंबर
03जेएनडी17: अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति द्वारा जारी किया गया वह फोटो, जिसमें कैप्टन अभिमन्यु के साथ वीरभान ढुल व उनके साथी बैठे हैं।