रोहतक। उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि वे समाधान शिविरों में लंबित शिकायतों का एक सप्ताह में समाधान कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। पिछले 11 नवंबर से अब तक समाधान शिविरों में 615 शिकायतें आईं, जिनमें से 419 का समाधान किया गया है। लंबित शिकायतों में विकास कार्यों से संबंधित मांगें भी शामिल हैं। शिविर में प्राप्त हो रही नगर निगम संबंधित शिकायतों को मौके पर ही निगम को स्थानांतरित किया जा रहा है।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार एक छत के नीचे नागरिकों की सभी विभागों से संबंधित शिकायतों के निदान के लिए प्रत्येक कार्य दिवस जिला मुख्यालय, उपमंडल मुख्यालय तथा नगर निगम कार्यालय में सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों की निगरानी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मुख्यमंत्री कार्यालय व मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा की जा रही है। सरकार द्वारा समाधान शिविरों की समीक्षा नियमित अंतराल पर की जा रही है। सरकार की नई पहल के तहत काहनौर गांव में रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित कर लोगों की शिकायतें सुनी गईं। इसी कड़ी में सोमवार को समाधान शिविर में उपमंडलाधीश आशीष कुमार ने शिकायतें सुनीं।