जमीन का बयाना लेने गए व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
चरखी दादरी। बेची गई जमीन की रकम लेने गए गांव झामरी निवासी एक व्यक्ति की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने गांव बाजिदपुर निवासी दंपति सहित चार लोगों पर चाय में जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। सासरौली चौकी पुलिस ने इस संबंध में चार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस को दिए बयान में गांव झामरी निवासी संजय ने बताया कि उसके पिता राजकुमार ने बाजिदपुर निवासी गोपी को जमीन बेची थी। इसका बयाना उसके पिता ने मातनहेल तहसील में पहले ही लिखवा दिया था। मंगलवार को उसका पिता जमीन बेचने की एवज में करीब 38 लाख रुपये की रकम लेने बाजिदपुर गया था। मंगलवार को ही देर शाम बाजिदपुर निवासी उनके किसी परिचित ने फोन कर उसके पिता के बेसुध पड़ा होने की जानकारी उन्हें दी। सूचना पाकर जब वह मौके पर पहुंचा तो गोपी उसके पिता को बेसुध हालत में ट्रैक्टर-ट्राली में लेकर आ रहा था।
संजय ने बताया कि गोपी ने ही उसे जानकारी दी कि उसके पिता ने जहरीला पदार्थ पी लिया है। इसके बाद उसने सड़क किनारे ही उसके बेसुध पिता को उतारकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद उसने अपने पिता को लेकर दादरी के सिविल अस्पताल पहुंचा जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पिता को दादरी से रोहतक जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव का वापस सिविल अस्पताल ले आए।
मामले की सूचना पाकर सासरौली चौकी (झज्जर पुलिस) मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक के बेटे का दावा है कि प्राथमिक उपचार के दौरान उसके पिता ने बाजिदपुर निवासी गोपी और उसकी पत्नी सुशीला पर चाय में जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। बुधवार सुबह पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान दर्ज कर गोपी, सुशीला, धर्मेंद्र और रामौतार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हमने मृतक के बेटे के बयान दर्ज किए है। उसने हत्या के आरोप लगाए हैं। इस आधार पर हमने बाजिदपुर निवासी गोपी और उसकी पत्नी सुशीला सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंपकर जांच शुरू कर दी है। जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर हम कार्रवाई करेंगे।
एएसआई रविंद्र, सासरौली पुलिस चौकी इंचार्ज