हरियाणा पुलिस का बर्खास्त सिपाही खरीदता था चोरी की एसयूवी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
प्रदेश भर से चोरी की गई एसयूवी को हरियाणा पुलिस ने बर्खास्त सिपाही मुंढाल का रहने वाला अन्नू खरीदता था। यह खुलासा मामले में पकड़े गए आरोपी पवन ने किया है। पुलिस ने आरोपी पवन को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड अवधि में पवन से चोरी की गई एसयूवी को बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। आरोपी से बरामद की गई एसयूवी को 14 मई की रात को मॉडल टाउन से चोरी किया गया था। अनुराग की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया गया था। पवन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी अन्नू की तलाश शुरू कर दी है। उसकी तलाश में गांव में छापेमारी की गई, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। पवन की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही वह घर से फरार हो गया था।
चोरी की एसयूवी को फाइनेंस की बताकर बेचता था बर्खास्त सिपाही
फरार आरोपी अन्नू बड़े शातिर तरीके से चोरी की कार को अपने ग्राहक को बेचता था। आरोपी पवन से करीब सवा लाख में एसयूवी खरीदने के बाद अन्नू करीब पांच लाख रुपये में अपने ग्राहक को बेचता था। चोरी की कार को बेचने का उसने आसान तरीका बना रखा था। आरोपी अपने ग्राहक को फाइनेंस के जाल में फंसाकर चोरी की एसयूवी बेचता था। आरोपी अन्नू ग्राहक से कहता था कि किश्त नहीं भरने पर खरीदने वाले से कंपनी ने ली है। इसके बाद यह झूठ बोलकर कि कार की किश्त वह खुद भरेगा ग्राहक को एसयूवी बेच देता था।
पुलिस से बर्खास्त हुआ तो शुरू किया गंदा धंधा
एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि रिमांड अवधि में आरोपी पवन से कई जगहों से निशानदेही करवाई गई है। आरोपी ने बताया है कि उसने रोहतक से पांच एसयूवी और ट्रैक्टर चोरी कर रखा है। इनमें से अधिकतर एसयूवी आरोपी ने अन्नू को बेची थी। एएसआई का कहना है कि आरोपी अन्नू कई साल पहले हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर नौकरी करता था। इसके बाद एक मामले में उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू हुई थी। जांच में दोषी पाए जाने पर उसे बर्खास्त कर दिया गया था। पुलिस ने बर्खास्त होने के बाद आरोपी ने चोरी की गई कारों और एसयूवी को खरीदकर बेचना शुरू कर दिया।
यूं पकड़ा एक करोड़ की कार चोरी करने वाला पवन
रोहतक, हिसार, भिवानी और गुरुग्राम सहित अन्य जगहों से करीब एक करोड़ रुपये की क्रेटा एसयूवी चोरी करने वाले आरोपी पवन की पुलिस को काफी समय से तलाश थी। आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन उसका कोई भी सुराग नहीं लग रहा था। आरोपी ने रोहतक से चोरी की गई एसयूवी का सौदा हिसार के एक व्यक्ति से किया। इतने सस्ते दाम पर क्रेेटा एसयूवी बेचने वाली बात व्यक्ति को भी हजम नहीं हुई। उसने सीआईए-1 को सूचना दी। इस पर पुलिस ने व्यक्ति ने कहा कि वह आरोपी को एसयूवी लेकर हिसार बुला ले। इसके बाद आगे का काम पुलिस करेगी। इस पर व्यक्ति ने झांसे में लेकर आरोपी पवन को हिसार बुलाया और सीआईए ने उसे मौके से दबोच लिया। रिमांड अवधि खत्म होने के बाद अन्य थानों की पुलिस पवन को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ करेगी। इस संबंध में सभी थानों की पुलिस को सूचना भेज दी गई है।
ये था मामला
बता दें कि सीआईए-1 के एएसआई विनोद कुमार ने सोमवार रात को हिसार के डाबड़ा चौक से भिवानी के गांव बिरण निवासी पवन को गिरफ्तार किया था। आरोपी के पास रोहतक से चोरी की गई एक एसयूवी बरामद हुई थी। आरोपी इस एसयूवी को हिसार में बेचने गया था। पुलिस इस गिरोह के नरेश को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।