अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। यूजी कोर्सों में प्रवेश के लिए आवेदन करने की तिथि शुक्रवार को खत्म हो गई। शहर के पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज और राजकीय महिला महाविद्यालय में यूजी की 4710 सीटों के सापेक्ष पहली बार 27067 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। दोनों कॉलेजों में बीए में दाखिले की राह कठिन होगी, जबकि बीबीए और बीसीए आदि प्रोफेशनल कोर्सों में प्रवेश लेने वालों की संख्या पहले के मुकाबले इस बार कम हुई है।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने पहली बार सरकारी कॉलेजों के साथ-साथ इस बार एडिड और प्राइवेट कॉलेजों में भी ऑनलाइन एडमिशन प्रक्रिया शुरू की थी। 8 जून से शुरू हुए एडमिशन पोर्टल पर शुक्रवार रात तक विद्यार्थियों ने आवेदन किए। विद्यार्थियों ने जिस तरीके से कोर्सों में आवेदन किए हैं उसे देखकर लग रहा है कि बीए में प्रवेश की राह इस बार बेहद कठिन होगी।
सरकारी कॉलेजों के साथ-साथ एडिड और प्राइवेट कॉलेजों में भी बीए में सबसे अधिक आवेदन आए हैं। हालांकि प्रोफेशनल कोर्सों से इस बार विद्यार्थियों ने दूरी बनाई है। कुछ कॉलेज तो ऐसे भी हैं जिनमें प्रोफेशनल कोर्सों की सीटें भी पूरी करना मुश्किल होगी। अब 5 जुलाई को पहली मेरिट लगाई जाएगी। दूसरी मेरिट 10 जुलाई और तीसरी मेरिट 13 जुलाई को जारी होगी। उधर, पीजी कोर्सों में 6 जुलाई तक आवेदन किए जा सकते हैं।
नेकीराम कॉलेज में बीएससी की राह कठिन
पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज में बीएससी ऑनर्स केमिस्ट्री में 80 सीट पर 1055, बीएससी फिजिक्स ऑनर्स में 80 सीट पर 1109 और बीएससी ऑनर्स मैथ में 60 सीट पर 1156 फार्म आए हैं। बीए की 640 सीटों के सापेक्ष 4616 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स में 60 सीट के लिए 269, बीए ऑनर्स अंग्रेजी में 80 सीट के लिए 743, बीए ऑनर्स ज्योग्राफी में 80 सीट पर 439, बीए ऑनर्स हिंदी में 80 सीट पर 178, बीए ऑनर्स हिस्ट्री में 80 सीट पर 267 और बीए ऑनर्स पालिटिकल साइंस में 80 सीट पर 332 और बीकॉम ऑनर्स में 80 सीट पर 226 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
बी कॉम में 160 के लिए 1233, बीएससी नॉन मेडिकल में 400 सीट पर 3004, बीएससी मेडिकल में 240 सीट पर 1919, बीबीए में 60 सीट पर 430, बीसीए में 120 सीट पर 611 आवेदन आए हैं। इनके साथ अन्य कोर्सों में भी कुल मिलाकर यूजी की 2420 सीटों 18278 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
आईसी कॉलेज में चढ़ेगी बीए की मेरिट
राजकीय महिला महाविद्यालय (आईसी कॉलेज) में बीए की 720 सीटों के सापेक्ष 2149 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स में 80 सीट के लिए 174, बीए ऑनर्स अंग्रेजी में 80 सीट के लिए 422, बीएससी मेडिकल में 200 सीट पर 1470, बीएससी नॉन मेडिकल के लिए 240 सीट पर 1322, बीकॉम में 360 सीट पर 865, बीएससी फिजिक्स ऑनर्स 60 सीट के लिए 564, बीएससी ऑनर्स मैथ 80 सीट पर 539, बीकॉम ऑनर्स 60 सीट पर 480 आवेदन आए हैं।
बीसीए 120 सीट पर 213, बीबीए 60 सीट पर 181, बीए ऑनर्स हिंदी 60 सीट पर 131, बीएससी होम साइंस 40 सीट पर 86 और बीए संस्कृत ऑनर्स 40 सीट के लिए 26 फार्म आए हैं। इन कोर्सों के साथ अन्य कोर्सों में भी कुल मिलाकर 2290 सीट पर 8789 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
एमकेजेके में बीएससी स्पोर्ट्स साइंस में सभी को दाखिला
एमकेजेके कॉलेज में बीए की 320 सीट के लिए 647, बीएससी मेडिकल की 180 सीट पर 528, बीएससी नॉन मेडिकल 180 सीट के लिए 454, बीकॉम में 80 सीट पर 202 और बीएससी स्पोर्ट्स साइंस में 50 सीट के लिए 39 विद्यार्थियों ने फार्म भरा है।
जाट कॉलेज में बीजेएमसी करना होगा आसान
जाट कॉलेज में बीए की 1200 सीट के लिए 5135, बीएससी नॉन मेडिकल में 640 सीट के लिए 2109, बीएससी मेडिकल में 160 सीट के लिए 858, बीकॉम में 160 सीट पर 554, बीसीए की 200 सीट के लिए 276 और बीजेएमसी की 60 सीटों पर 78 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। देर रात तक 10683 आवेदन आ चुके हैं।
गौड़ ब्राह्मण में बीकॉम बेहद आसान
गौड़ कॉलेज में बीए की 480 सीट के लिए 915, बीकॉम की 160 सीट पर 180, बीएससी नॉन मेडिकल की 120 सीट पर 260, बीएससी मेडिकल की 120 सीटों के लिए 205 और बीसीए की 120 सीटों के लिए 70 फार्म आए हैं।