डिग्री न डिप्लोमा, इलाज करता ‘डॉक्टर’ पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
बिना डिग्री या डिप्लोमा के डॉक्टर बनकर लंबे समय से लोगाें के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। कुछ मामलों के बिगड़ने पर मामला सिविल हॉस्पिटल पहुंचा। इसके बाद सिविल हॉस्पिटल की टीम ने रामपुरा थाना पुलिस के साथ छापामारी कर आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मामला तुलाराम विहार का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तुलाराम विहार निवासी हरिबिलास नाम का शख्स रहता है। उसने इलाके में ही एक क्लीनिक खोल रखी है। नागरिक अस्पताल से डॉक्टर का फोन आया कि उनके इलाके में हरिबिलास फर्जी डॉक्टर बना हुआ है। नागरिक अस्पताल के डॉक्टर कृष्ण कुमार ने एएसआई धर्मबीर और अन्य पुलिसकर्मियों को साथ लिया और मौके पर रेड की। रेड के दौरान हरिबिलास लोगों का इलाज करता हुआ मिला। दस्तावेजों के बारे में पूछा तो प्रैक्टिस करने के कोई पुख्ता साक्ष्य नहीं मिले। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।