‘सत्तापक्ष के मंत्रियों और विधायकों को नहीं घुसने देंगे धार्मिक स्थल में’
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। गोचरान भूमि विकास बोर्ड के गठन की मांग को लेकर संत गोपालदास 18वें दिन मानसरोवर पार्क में आमरण अनशन पर बैठे रहे। संत के समर्थन में आए धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सरकार को पांच दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर सरकार के किसी भी मंत्री और विधायक को धार्मिक स्थलों में नहीं घुसने दिया जाएगा।
दोपहर के समय घीसा पंथ संत मंडल के महामंडलेश्वर स्वामी कृष्णानंद महाराज और अन्य धार्मिक संगठनों के लोग संत का हाल जानने पहुंचे। मंडल अध्यक्ष अनिल दहिया ने कहा कि जनवरी 2011 के सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय को लागू करने के लिए वह सरकार को पांच दिन का अल्टीमेटम दे रहे हैं। इस दौरान अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वह इस लड़ाई को लोगों के बीच ले जाएंगे। सीएम, मंत्री और विधायकों के आवास का घेराव किया जाएगा। मांग पूरी नहीं होने पर सरकार के मंत्री, विधायक और पदाधिकारियों को किसी भी धार्मिक कार्यक्रम में नहीं बुलाया जाएगा और न ही धार्मिक स्थल में घुसने दिया जाएगा। सरकार की इस अनदेखी से लोगों में भारी आक्रोश है। संत गोपालदास ने 25 जून को शहर में होने वाले गो भक्त सम्मेलन को भी सफल बनाने का आह्वान किया।