रोहतक। शहरवासियों को पर्याप्त और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग इस साल 60 लाख रुपये खर्च करेगा।
शहर में चार मुख्य जलघरों से पेयजल आपूर्ति की जाती है। इसमें से तीन जलघर शहर की लगभग कॉलोनियों में पेयजल उपलब्ध करवाते हैं। इन तीन जलघरों के अधीन लोगों की समस्याओं के समाधान में जनस्वास्थ्य विभाग काम करेगा। विभाग को मुख्यालय से अनुमति मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया के लिए काम शुरु कर दिया है।
जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सोनीपत रोड जलघर-1, झज्जर रोड जलघर-2 व जेएलएन स्थित जलघर-3 की कॉलोनियों में करीब 20-20 रुपये की लागत से काम किए जाएंगे। इन जलघरों से 4 लाख से अधिक की आबादी को पानी मिलता है।
मार्च-2026 तक इस कार्य पूरा किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत आमजन की ओर से आने वाली दूषित जलापूर्ति, पाइप लाइन लीकेज, नलों तक पानी न आने जैसी समस्याओं का प्राथमिकता से हल किया जाएगा। संवाद
-
टैंकर सुविधा के लिए 10-10 लाख से होंगे टेंडर आवंटित
शहर की कई कॉलोनियों में टैंकर से जलापूर्ति की जा रही है। साथ ही, नहर बंदी की स्थिति में टैंकर से पानी पहुंचाना पड़ता है। इसके लिए भी तीनों जलघरों के अधीन 10-10 रुपये के टेंडर आवंटित होंगे। इसमें प्रत्येक जलघर से करीब 2000 हजार टैंकर लोगों तक पहुंचेंगे। यह कार्य भी मार्च 2026 तक लागू रहेगा।
तीन जलघरों के अधीन सभी कॉलोनियों से मिलने वाली लोगों की समस्याओं के समाधान में 60 लाख रुपये से सुधार कार्य होंगे। मुख्यालय से मंजूरी मिल चुकी है। सर्कल कार्यालय में टेंडर आवंटन की प्रक्रिया जारी है।
- प्रदीप कुमार, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग।