रोहतक। लाखनमाजरा खंड के गांव बैंसी में बुधवार की शाम को रात्रि ठहराव कार्यक्रम में उपायुक्त सचिन गुप्ता ने ग्रामीणों संवाद किया। उन्होंने कहा कि समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। जिला प्रशासन जमीनी स्तर पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि गांव में लगभग 76 लाख रुपये से फिरनी की औपचारिकताएं पूरी करवाने के बाद निर्माण कराया जाएगा। गांव में खेल स्टेडियम में 55 लाख रुपये से चहारदीवारी और मिट्टी भरत का कार्य होगा। उन्होंने किसानों को जलभराव नहीं होने का आश्वासन दिया है।
ग्रामीण अपने पेयजल के अवैध कनेक्शनों को वैध कराएं ताकि पेयजल में मिलावट न हो और ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल मिल सकेगा। परिवार पहचान पत्र की समस्याओं का समाधान करने के लिए गांव में शिविर लगाया जाएगा।
उन्होंने खेतों के रास्तों को पक्का करने, टीन शेड एवं तालाब की रिटेनिंग वॉल के निर्माण की फिजिबिलिटी चेक कर कार्यों को पूर्ण कराया जाएगा।
इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने वृद्धावस्था सम्मान राशि के छह लाभार्थियों नसीब, दर्शन, सुंदरलाल, धर्मबीर सिंह, संतोष व कांता को स्वीकृति पत्र वितरित किए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित चिकित्सा शिविर में लगभग 200 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई।
आउटरीच कार्यक्रम में मत्स्य पालन, पशुपालन, कृषि एवं किसान कल्याण, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, एमएसएमई, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता व अन्य विभागों ने भाग लिया। वहीं सरपंच अमन जांगड़ा ने जिला प्रशासन को गांव की समस्याओं सेे अवगत करवाया।
मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, भाजपा नेता दीपक निवास हुड्डा, एएसपी प्रतीक अग्रवाल, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगराधीश अंकित कुमार, डीएसपी ऋषभ सोढ़ी, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल व अन्य उपस्थित रहे।